दुर्ग

संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती पर कलश लेने रायपुर जाएगा भाजपा का जिला प्रतिनिधिमंडल

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशानुसार संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लखनऊ से भाजपा का प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल संत रविदास महाराज जी के पवित्र कलश लेकर रायपुर पहुंचा है।

इन पवित्र कलशों का 4 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से जिला अध्यक्षों को वितरण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में संत रविदास महाराज जी के कलश को ग्रहण करने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में दुर्ग जिले से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल रायपुर रवाना होगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज जी ने समाज को समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों पवित्र कलश प्राप्त करने के पश्चात उसे दुर्ग लाया जाएगा। इसके बाद संगठन स्तर पर बैठक कर कलश स्थापना के लिए मंदिर का चयन, तिथि एवं कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित की जाएगी। तत्पश्चात भारतीय जनता पार्टी दुर्ग जिला के सभी मंडलों में कलश रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

श्री कौशिक ने कहा कि कलश रथ यात्रा के माध्यम से संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के जीवन, संघर्ष, सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती का यह आयोजन समाज में एकता, समरसता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा। भाजपा जिला दुर्ग द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिले के सभी मंडलों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button