समझाइश के दौरान धारदार हथियार से हमला कर हत्या का प्रयास करने वाले फरार आरोपी को वैशालीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 26.07.2026 को प्रार्थी आकाश मेश्राम, निवासी वार्ड क्रमांक-08, थाना वैशालीनगर, जिला दुर्ग द्वारा थाना वैशालीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि लगभग 11:00 बजे मोहल्ले में विवाद की आवाज सुनकर वह बाहर निकला। बाहर आने पर आरोपी किशन निषाद द्वारा उसकी पत्नी के साथ विवाद एवं गाली-गलौज किया जा रहा था।
प्रार्थी द्वारा बीच-बचाव एवं समझाइश देने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार से प्रार्थी के पेट एवं बाएं हाथ पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशालीनगर में आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ उपरांत आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
घटना का कारण :
मोहल्ले में हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव एवं समझाइश करने पर आरोपी द्वारा आक्रोशित होकर हमला करना।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
आरोपी ने विवाद के दौरान प्रार्थी द्वारा समझाइश दिए जाने से नाराज होकर अपने पास रखे धारदार हथियार से पेट एवं हाथ पर वार कर हत्या का प्रयास किया तथा घटना के बाद फरार हो गया।
घटनास्थल :
वार्ड क्रमांक-08, थाना वैशालीनगर क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. किशन निषाद, उम्र 42 वर्ष, निवासी सुपेला, थाना वैशालीनगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री :
घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं अन्य साक्ष्यों की बरामदगी एवं जप्ती की वैधानिक कार्यवाही प्रचलन में है।
सराहनीय कार्य :
उक्त कार्रवाई में थाना वैशालीनगर की पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा सतत पतासाजी, मुखबिर सूचना का त्वरित सत्यापन एवं प्रभावी घेराबंदी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



