खेल

CWG 2026 का 5वां दिन रहा शानदार, शर्मिला धनखड़ ने जीता गोल्ड, भारत के खाते में आए 6 मेडल…

ग्लास्गो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पांचवां दिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए बहुत शानदार रहा। इस दिन भारत को कुल 6 मेडल मिले। शर्मिला धनखड़ ने भारत को इस कॉमनवेल्थ गेम्स का दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। उन्होंने महिलाओं की पैरा शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में 9.81 मीटर दूर गोला फेंककर इस साल का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतकर एक नया इतिहास रचा है।

पैरा एथलेटिक्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनीं शर्मिला

शर्मिला की इस शानदार जीत के साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा एथलेटिक्स पदक के लिए भारत का 20 साल लंबा इंतजार खत्म हो गया। शर्मिला पैरा एथलेटिक्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनने के साथ-साथ इन खेलों में पैरा एथलेटिक्स पदक हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला भी बन गई हैं। यह इस कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले मीराबाई चानू ने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था।

शिल्पा के. शायला ने शॉट पुट में जीता ब्रॉन्ज

इसी गोला फेंक प्रतियोगिता में भारत की शिल्पा के. शायला भी शामिल थीं। पहले वह चौथे नंबर पर थीं, लेकिन बाद में नाइजीरिया की खिलाड़ी यूकारिया इयियाजी का पहला प्रयास रद्द कर दिया गया और उनका कोई भी थ्रो वैलिड नहीं रहा। इस वजह से शिल्पा को तीसरे नंबर पर लाकर ब्रॉन्ज मेडल दे दिया गया। इस तरह भारत को पैरा शॉट पुट F57 इवेंट में दो मेडल मिले।

सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में जीता सिल्वर मेडल

भारतीय एथलीट सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। इसके साथ ही वह इस खेल में पदक हासिल करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। दूसरी ओर, वेटलिफ्टर वल्लुरी अजय बाबू ने पुरुषों के 79 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जहां वह महज एक किलोग्राम वजन के अंतर से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन वेटलिफ्टिंग में भी भारतीय एथलीट्स का दबदबा देखने को मिला। इस कॉमनवेल्थ गेम्स में अब भारत के10 मेडल हो गए हैं। इनमें 2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज हैं। मेडल टैली में भारत 8वें नंबर पर है। पहले स्थान पर 18 गोल्ड समेत 42 मेडल के साथ ऑस्ट्रेलिया है।

पांचवें दिन भारत के लिए किसने जीता मेडल

  • शर्मिला धनखड़, गोल्ड: महिलाओं का पैरा शॉट पुट F57
  • ज्ञानेश्वरी यादव, सिल्वर: महिलाओं का 53kg वेटलिफ्टिंग
  • वल्लूरी अजय बाबू, सिल्वर: पुरुषों का 79kg वेटलिफ्टिंग
  • सर्वेश अनिल कुशारे, सिल्वर: पुरुषों का हाई जंप
  • बिंद्यारानी देवी, ब्रॉन्ज: महिलाओं का 58kg वेटलिफ्टिंग
  • शिल्पा के शायला, ब्रॉन्ज: महिलाओं का पैरा शॉट पुट F57

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button