DGP अरुण देव गौतम ने मेगा मेडिकल कैम्प का किया शुभारंभ, 843 पुलिसकर्मियों व परिजनों को मिला मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
दुर्ग पुलिस एवं “जन मित्र” के अंतर्गत मेघगंगा ग्रुप एवं स्पर्श अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 12 जुलाई 2026 को नई पुलिस लाइन, थगड़ा बांध, दुर्ग में एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 08:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना, एसडीआरएफ., सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, भा.पु.से. द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने मेगा मेडिकल कैम्प का विधिवत उद्घाटन कर विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण काउंटरों, पैथोलॉजी जांच केंद्र, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श कक्षों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों एवं पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
अपने उद्बोधन में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी निरंतर चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को पुलिस कल्याण की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे आयोजन किए जाने पर बल दिया। पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, अभिषेक शांडिल्य, भा.पु.से. ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसकर्मियों की निरंतर ड्यूटी एवं अनियमित दिनचर्या का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
ऐसे में समय-समय पर आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर न केवल गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि स्वस्थ एवं कार्यक्षम पुलिस बल के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल, भा.पु.से. ने कहा कि पुलिसकर्मियों की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए इस मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को भी इस शिविर में शामिल किया गया, जिससे उन्हें भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिल सके तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े। मेगा मेडिकल कैम्प में 22 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में NABL प्रमाणित लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा पैथोलॉजी जांच, संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण (Eye Checkup), दंत परीक्षण (Dental Checkup) तथा विभिन्न सुपर स्पेशलिटी विभागों की चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में डॉ. ए. पी. सावंत, डॉ. सुधीर गांगेय, डॉ. प्रीति गांगेय, डॉ. जोगेश चंद्र, डॉ. आदर्श त्रिवेदी, डॉ. रश्मि वर्मा, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. अमरीश गर्ग, डॉ. मोनीदीपा साहा, डॉ. अभिषेक महोबिया, डॉ. तरुण ध्रुव, डॉ. तिलेश खुसरो, डॉ. रेखराज साहू, डॉ. ट्विंकल चंद्राकर, डॉ. रिद्धि अरोरा, डॉ. अभिजीत जैन, डॉ. नितिन कथुरिया, डॉ. चिराग अग्रवाल, डॉ. प्रांजल मेश्राम, डॉ. श्रुति सिंह एवं डॉ. बाला सुब्रमण्यम सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस मेगा मेडिकल कैम्प में कुल 843 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवारजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श किया गया। हितग्राहियों को आवश्यक जांच, उपचार संबंधी परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कैम्प की सफलता में मेघगंगा ग्रुप की चिकित्सा टीम, स्पर्श अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ तथा लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर की पैथोलॉजी एवं जांच टीम का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में अभिजीत सिंह, भा.प्र.से., कलेक्टर दुर्ग, सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), हर्षित मेहर, भा.पु.से., नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, प्रशांत सिंह पैकरा, नगर पुलिस अधीक्षक, छावनी, चंद्र प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), सत्यप्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक, भिलाई नगर, श्रीमती भारती मरकाम, उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW), सुश्री आकर्षि कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक, नागेन्द्र सिंह, सेनानी, नगर सेना, नीलकंठ वर्मा, रक्षित निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




