जे.एल.एन. चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर में विश्व जनसंख्या दिवस-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में 11 जुलाई 2026 को विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, प्रजनन स्वास्थ्य, उत्तरदायी अभिभावकत्व तथा परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
इस वर्ष की वैश्विक थीम “आज और भविष्य के लिए युवाओं की आशाओं एवं आकांक्षाओं को साकार करना” पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार तथा प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुहा सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, डीएनबी विद्यार्थी तथा चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत पोस्टर एवं स्लोगन प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में पीजीकॉन, एपीकॉन, एसएसकॉन के विद्यार्थियों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा तैयार 31 पोस्टर एवं 11 स्लोगन प्रदर्शित किए गए। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य, लैंगिक समानता एवं संतुलित जनसंख्या वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी संदेश दिए गए। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ परिवार एवं सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता तथा जिम्मेदार प्रजनन संबंधी निर्णयों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा समुदाय, संस्थानों एवं समाज के सामूहिक प्रयासों से ही जनसंख्या स्थिरीकरण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के उद्देश्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
डॉ. उदय कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों की सराहना करते हुए पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में उनकी रचनात्मक भागीदारी की प्रशंसा की। वहीं डॉ. नीना गुहा ने स्वागत उद्बोधन में विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रजनन स्वास्थ्य, परिवार नियोजन एवं उत्तरदायी अभिभावकत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने को स्वस्थ परिवार एवं समृद्ध समाज की आधारशिला बताया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अन्नपूर्णी, पैथोलॉजी विभाग की डॉ. निली कुजूर तथा श्वसन रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सोनाली त्रिवेदी ने निर्णायक के रूप में किया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हिमानी गुप्ता ने दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने जनसंख्या स्थिरीकरण, प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प व्यक्त किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




