
दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से ग्रामीण क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पॉइंट स्थापित कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों की जांच की जा रही है। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी देकर यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त माल वाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। ऐसे वाहनों में सवारी परिवहन किए जाने से गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, जिसके दृष्टिगत सख्त कार्रवाई की जा रही है। विगत एक सप्ताह में कुल 74 माल वाहक वाहनों पर कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। जांच के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। नशे की स्थिति में वाहन संचालन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिसे रोकने हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा।
सराहनीय भूमिका :
उक्त अभियान के सफल संचालन में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा सतत निगरानी, प्रभावी चेकिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे की अवस्था में वाहन संचालन न करें तथा माल वाहक वाहनों में सवारी परिवहन से बचें।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




