छत्तीसगढ़दुर्ग

नेहरू नगर के सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित सहयोगी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :

प्रार्थी विनय कुमार अग्रवाल, निवासी नेहरू नगर पश्चिम, भिलाई द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 04.05.2026 को अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर धार्मिक कार्यक्रम में गए थे। दिनांक 05.05.2026 को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला तथा अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। अज्ञात आरोपियों द्वारा सोना, हीरा, चांदी के आभूषण एवं लगभग 3,40,000 रुपये नगद चोरी कर ले जाने की सूचना पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 624/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी हारिम एवं मोहम्मद नासिर हुसैन द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देना पाया गया। आरोपियों द्वारा चोरी के आभूषणों को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचना तथा चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करना स्वीकार किया गया।

पुलिस टीम द्वारा विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम, मोबाइल फोन, वाहन तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। प्रकरण में विवेचना के दौरान धारा 238(क), 61(2), 317(2) बीएनएस सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं जोड़ी गईं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

▪️ घटना का कारण :

सूने मकानों की पूर्व रेकी कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

▪️ घटनास्थल :

क्वार्टर नंबर 05, ब्लॉक नंबर 47, नेहरू नगर पश्चिम, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

▪️ आरोपी का नाम :

1. हारिम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।
2. मोहम्मद नासिर हुसैन, निवासी नई दिल्ली।
3. मोहम्मद कासिम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।
4. सलीम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।
5. मोहम्मद बिलाल, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।
6. दिन मोहम्मद, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।

▪️ जप्त सामग्री :

1. चोरी के सोने एवं हीरे के आभूषण।
2. चोरी के चांदी के आभूषण।
3. नगदी रकम।
4. जुपिटर वाहन।
5. सेल्टोस वाहन।
6. मोबाइल फोन।
7. घटना में प्रयुक्त ताला तोड़ने के औजार।
8. अन्य दस्तावेज एवं प्रकरण से संबंधित सामग्री।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला के निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक योगेश पाण्डेय सहित विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ने की स्थिति में आसपास के विश्वसनीय व्यक्तियों को सूचित करें, सुरक्षा उपकरणों एवं सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button