दुर्ग SSP ने डायल-112 स्टाफ की ली ब्रीफिंग, त्वरित रिस्पांस और बेहतर जनसेवा पर दिया जोर…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 07.06.2026 को दधीची प्रशिक्षण हॉल, रक्षित केंद्र दुर्ग में डायल-112 के वाहन चालक एवं आरक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम, अनुशासन एवं जनसहायता से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में निर्देशित किया गया कि डायल-112 की गाड़ियां अनावश्यक रूप से थाना अथवा यातायात शाखा में खड़ी न रहें तथा सूचना प्राप्त होते ही चालक एवं आरक्षक तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हों। सभी कर्मचारियों को यह बताया गया कि वे जिला पुलिस के प्रतिनिधि हैं तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
साथ ही ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करने, पूर्ण अनुशासन एवं सतर्कता बनाए रखने तथा फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंगुइशर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की प्रतिदिन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले डायल-112 स्टाफ को प्रोत्साहन एवं पुरस्कार प्रदान किए जाने की भी जानकारी दी गई।
मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए तालाब, नदी एवं अन्य जलाशयों में डूबने जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु नागरिकों को जागरूक करने तथा किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाना को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डायल-112 की गतिविधियों एवं घटनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु भी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में 65 आरक्षक एवं 52 डायल-112 वाहन चालक सम्मिलित हुए।
▪️ सराहनीय भूमिका :
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं ब्रीफिंग व्यवस्था में रक्षित केंद्र दुर्ग एवं डायल-112 शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, अपराध अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 सेवा का उपयोग करें। मानसून के दौरान नदी, नालों एवं तालाबों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




