chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

कॉमनवेल्थ एवं एशियन गेम्स 2026 हेतु भारतीय मुक्केबाजी टीम चयन समिति का हिस्सा होंगे बीएसपी के राजेंद्र प्रसाद…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के एचआर-क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग में उप महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत तथा छत्तीसगढ़ राज्य के एकमात्र ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी राजेंद्र प्रसाद को भारतीय मुक्केबाजी महासंघ द्वारा आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स एवं एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी टीम के चयन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया है।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ द्वारा दिनांक 10 से 15 मई, 2026 तक एनएसएनआईएस, पटियाला (पंजाब) में आयोजित चयन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए राजेंद्र प्रसाद को चयन समिति के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। महासंघ द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप भारतीय टीम चयन समिति में अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी की उपस्थिति अनिवार्य है।

कॉमनवेल्थ गेम्स एवं एशियन गेम्स 2026 के लिए आयोजित यह चयन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसी के आधार पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी टीम का अंतिम चयन किया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठित दायित्व के लिए राजेंद्र प्रसाद का चयन न केवल भिलाई इस्पात संयंत्र, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी गौरव एवं सम्मान का विषय है।

उल्लेखनीय है कि राजेंद्र प्रसाद ने अपने खेल जीवन में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। वर्तमान में भी वे खेल प्रतिभाओं के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, खेल संस्कृति के संवर्धन तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन एवं खेल जगत से जुड़े विभिन्न संगठनों ने राजेंद्र प्रसाद को इस महत्वपूर्ण दायित्व हेतु शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके अनुभव एवं विशेषज्ञता से भारतीय मुक्केबाजी को नई दिशा एवं मजबूती प्राप्त होगी।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button