दुर्ग पुलिस का रात्रिकालीन विशेष चेकिंग अभियान, जिले के 06 प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच एवं अड्डेबाजों पर कार्यवाही…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
जिला दुर्ग में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, रात्रिकालीन अपराधों पर नियंत्रण लगाने तथा असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु दिनांक 07.05.2026 की रात्रि 12:00 बजे से दिनांक 08.05.2026 की प्रातः 04:00 बजे तक विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के 06 प्रमुख स्थानों अंजोरा चौक, मुर्गा चौक भिलाई भट्टी, जेल तिराहा पद्मनाभपुर, गदा चौक सुपेला, बोरदा पुलिया जामुल एवं उरला चौक मोहन नगर में पुलिस टीमों द्वारा सघन जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान थाना पुलिस, यातायात पुलिस एवं रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त बल द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी एवं देर रात्रि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित व्यक्तियों की जांच की गई।
अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों, मादक पदार्थों के परिवहन, धारदार हथियार रखने वाले व्यक्तियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखी गई। कार्यवाही के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी एवं हुड़दंग करते पाए गए कुल 13 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 36(च) पुलिस एक्ट के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
इनमें थाना भिलाई नगर क्षेत्र में 08, थाना नेवई क्षेत्र में 03 एवं थाना वैशाली नगर क्षेत्र में 02 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु समझाइश भी दी गई। जिले में अपराध नियंत्रण एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर, नेवई, वैशाली नगर, सुपेला, जामुल, मोहन नगर, यातायात पुलिस एवं रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीमों द्वारा समन्वित एवं सतर्क कार्रवाई करते हुए अभियान को प्रभावी रूप से संपादित किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा देर रात्रि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराध एवं अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




