chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

बीएसपी में “ईडी (वर्क्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफी 2025–26” पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित; डिजिटल नवाचार एवं एआई को मिला बढ़ावा…

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा 07 मई 2026 को आयोजित “ईडी (वर्क्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफी 2025–26” के पुरस्कार वितरण समारोह में डिजिटल नवाचार एवं एआई आधारित कार्यस्थल समाधान विकसित करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार रहे।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता में विजेता ऑटोमेशन एवं डिजिटलीकरण विभाग की टीम रही, जिसमें सुश्री अनुराधा ध्रुव, बी. वेंकट अप्पाराव एवं तलासमुद्रम राजेश शामिल थे।

वहीँ प्रथम उपविजेता स्थान बीआरएम विभाग की टीम ने प्राप्त किया, जिसमें भिमांशु कच्छप, बेहरा वामसी एवं सैतान सिंह मीणा शामिल रहें। यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) विभाग के प्रसाद गौडू, सुश्री संज्योति तिर्के एवं सुधीर यादव की टीम तृतीय स्थान पर रही।

समारोह के दौरान विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को ₹15,000 प्रथम उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को ₹10,000 तथा द्वितीय उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को ₹5,000 की नगद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अपने संबोधन में राकेश कुमार ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीकों एवं नवाचार आधारित दृष्टिकोण का उपयोग कार्यस्थल की चुनौतियों के समाधान एवं परिचालन दक्षता में वृद्धि हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पहलें बीएसपी में डिजिटल रूप से सशक्त एवं नवाचार-उन्मुख कार्यसंस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जो सेल के इंडस्ट्री 4.0 विज़न के अनुरूप है। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने तकनीकी शोध-पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें से 13 टीमों ने प्रस्तुतीकरण चरण के लिए क्वालीफाई किया।

प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार, व्यवहारिक उपयोगिता, क्रियान्वयन क्षमता एवं संगठनात्मक लाभ जैसे मानकों के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में मुख्य महाप्रबंधक (ऑटोमेशन एवं डिजिटलीकरण) रवि शंकर, महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) अजय सचदेव तथा महाप्रबंधक (यूआरएम) शिशिर शुक्ला शामिल थे।

गौरतलब है कि गैर-कार्यपालक कर्मियों के मध्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटलीकरण कौशल को प्रोत्साहित करने हेतु वार्षिक प्रतियोगिता आयोजित करने की अवधारणा कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार द्वारा प्रस्तुत की गई थी, जिसे बाद में मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा स्वरूप देकर क्रियान्वित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य कर्मियों को एआई एवं इंडस्ट्री 4.0 तकनीकों के माध्यम से वास्तविक कार्यस्थल समस्याओं के समाधान हेतु प्रेरित करना तथा परिचालन दक्षता, लागत अनुकूलन एवं डेटा-आधारित नवाचार को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से, गैर-कार्यपालक वर्ग के लिए इस प्रकार की यह सेल की पहली पहल रही, जिससे कर्मचारियों के बीच नवाचार, समस्या-समाधान एवं डिजिटल परिवर्तन आधारित कार्यप्रणाली को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है। कार्यक्रम का समन्वय महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) संजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button