
ODI World Cup 2027: वनडे विश्व कप 2027 अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इसकी तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। अभी ये तय नहीं है कि अगले साल होने वाले आईसीसी विश्व कप में कौन कौन सी टीमें खेलेंगी। इस बीच दो बार की वनडे विश्व कप चैंपियन टीम वेस्टइंडीज पर खतरा मंडरा रहा है।
खास तौर पर बांग्लादेश ने उसके लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज बांग्लादेश ने जीतकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। इससे आईसीसी की वनडे रैंकिंग में भी बांग्लादेश को फायदा होते हुए नजर आ रहा है।
साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा वनडे विश्व कप
अगले साल का आईसीसी वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इसके लिए इस वक्त क्वालीफायर खेले जा रहे हैं। इससे इतर जो टीमें आईसीसी की वनडे रैंकिंग में अच्छा कर रही होंगी, उन्हें डायरेक्ट क्वालीफिकेशन मिलेगा।
आईसीसी के नियमों के अनुसार 31 मार्च 2027 को जो टीमें टॉप 8 में होंगी, वे सीधे विश्व कप खेलती हुई नजर आएंगी। लेकिन इसमें एक पेच है। वो ये कि साउथ अफ्रीका की टीम मेजबान होने के नाते पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है। साथ ही टीम आईसीसी की वनडे रैंकिंग में टॉप 5 में हैं। यानी फिर रैंकिंग में जो टॉप 9 टीमें होंगी, वे विश्व कप के लिए सीधे एंट्री पा जाएंगी।
बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले ये था आईसीसी वनडे रैंकिंग का हाल
बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले की बात की जाए तो न्यूजीलैंड की टीम आईसीसी रैंकिंग में 114 की रेटिंग के साथ नंबर दो पर थी। वहीं बांग्लादेश की टीम 79 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर थी। यानी बिल्कुल बॉर्डर लाइन पर। वेस्टइंडीज की रेटिंग 77 थी। मतलब ये कि वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच रेटिंग का अंतर काफी कम था। लेकिन अब जबकि तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म हो गई है तो चीजें भी बदल गई हैं।
बांग्लादेश ने बढ़ा लिया वेस्टइंडीज से अपना फासला
अब यानी 23 अप्रैल को आईसीसी ने जो रैंकिंग अपडेट की है, उसमें 111 की रेटिंग के साथ न्यूजीलैंड की टीम दूसरे नंबर पर है। यानी न्यूजीलैंड की रेटिंग तो कम हुई है, लेकिन उसकी रैंकिंग नहीं बदली। बात अगर बांग्लादेश की करें तो उसकी रेटिंग अब 79 से बढ़कर 83 की हो गई है।
वहीं वेस्टइंडीज की रेटिंग अभी भी 77 की है। यानी बांग्लादेश की भी रैंकिंग नहीं बदली, लेकिन उसने वेस्टइंडीज से अपना फासला बढ़ा लिया है। जब वेस्टइंडीज जल्द बांग्लादेश को पीछे नहीं कर पाएगा।
अभी के हिसाब से बाहर हो सकती है वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम
वैसे तो आईसीसी रैंकिंग के आधार पर 31 मार्च 2027 के बाद फैसला होगा। लेकिन अगर आज की तारीख में नजर दौड़ाई जाए तो पता चलता है कि बांग्लादेश टॉप 9 में है और वो सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर जाएगा, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम नंबर 10 पर है, इसलिए उसे क्वालीफायर खेलकर आना होगा। इससे वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ सकती है। देखना होगा कि आने वाले मैचों में दोनों टीमें वनडे क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन करती हैं।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




