
दुर्ग पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रास्ता रोककर एक युवती पर धारदार हथियार से गर्दन पर प्राणघातक वार किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मंदिर से लौटते समय रास्ता रोककर किया हमला
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे पीड़िता बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी। इसी दौरान स्टेशन मरोदा क्षेत्र के इंदिरा चौक के पास गली में आरोपी ने उसका रास्ता रोककर बातचीत करने की कोशिश की।
युवती के नहीं रुकने पर आरोपी ने आक्रोश में आकर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर दिया।
बचाव में आई कई जगह गंभीर चोटें
हमले से बचने के प्रयास में पीड़िता के दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसली के पास चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 82/2026 दर्ज कर मामला विवेचना में लिया गया।
हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तारी की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुरानी पहचान और प्रताड़ना बना हमले का कारण
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़िता के बीच पूर्व परिचय था। लगातार परेशान किए जाने और विवाद के चलते आरोपी ने प्रतिशोध की भावना में यह हमला किया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना नेवई की टीम ने तेजी से काम करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।
पुलिस की अपील: तुरंत दें सूचना
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने या किसी भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




