पद्मनाभपुर में बड़ी चोरी का खुलासा, घरेलू कामकाज करने वाली महिला ने भरोसे का उठाया फायदा, 20 लाख के गहने बरामद…

दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में घर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घरेलू कामकाज करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में चोरी का सफल खुलासा करते हुए लगभग ₹20 लाख मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण बरामद कर विधिवत जप्त किए हैं।
भरोसे में लेकर की गई थी सुनियोजित चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल जैन, निवासी HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने, पद्मनाभपुर, दुर्ग द्वारा घर से कीमती सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
CCTV व तकनीकी साक्ष्यों से खुली पोल
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही महिला को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला पूर्व से ही प्रार्थी के घर में घरेलू कामकाज करती थी और इसी विश्वास का लाभ उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
24 घंटे से कम समय में बड़ी सफलता
थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने तेज और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे से भी कम समय में चोरी का खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-हीरे के आभूषण बरामद कर विधिवत जप्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले के अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है।
आरोपी का विवरण
नाम: कविता देशलहरे
उम्र: 36 वर्ष
निवासी: स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
जप्त आभूषणों की सूची
▪️ हीरे जड़ी सोने की चैन – 01
▪️ मंगलसूत्र – 02
▪️ नेकलेस – 01
▪️ कान के झुमके – 02
▪️ चांदी का करधन – 01
▪️ बड़ी पायल – 01
▪️ छोटी पायल – 01
▪️ बिछिया – 02
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार लहरें सहित थाना पद्मनाभपुर स्टाफ की सतर्क, त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही, जिसके चलते कम समय में बड़ी चोरी का खुलासा संभव हो सका।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घरेलू कामकाज के लिए नियुक्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




