
दुर्ग | ट्रैफिक अपडेट सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा दिनांक 16 जनवरी 2026 को बाफना टोल प्लाजा और रसमड़ा चौक पर व्यापक स्तर पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना रहा।
हेलमेट और सीट बेल्ट पर दिया गया विशेष जोर
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सभी वाहन चालकों को तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाने की सख्त समझाइश दी गई।
इसके साथ ही सुरक्षित दूरी बनाए रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का सम्मान करने की जानकारी भी दी गई।
श्रमिकों को बांटी गई निःशुल्क सेफ्टी जैकेट
रसमड़ा चौक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा उन्हें निःशुल्क सेफ्टी जैकेट वितरित की गई। इससे कम रोशनी और रात्रिकालीन समय में उनकी दृश्यता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
भारी वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर स्टीकर
बाफना टोल प्लाजा पर टोल प्रबंधन और कर्मचारियों के सहयोग से मालवाहक एवं भारी वाहनों पर निःशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए। इसका उद्देश्य रात्रि के समय वाहनों की दूर से पहचान सुनिश्चित करना और पीछे से आने वाले वाहनों को समय रहते संकेत देना है।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाएं तथा सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं, ताकि दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




