
दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार दुर्ग जिला भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने जा रही है। अभियान की तैयारियों को लेकर 6 सितंबर, रविवार को दोपहर 2 बजे जिला भाजपा कार्यालय में एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक करेंगे। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मुख्य रूप से संबोधित करेंगे। बैठक में दुर्ग जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता और संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
‘अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना हमारा संकल्प’
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन अंत्योदय और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को भाजपा कार्यकर्ता केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के अवसर के तौर पर मनाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पूरे जिले में सक्रिय होकर विभिन्न जनसेवा गतिविधियों में भाग लेंगे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
भाजपा के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान दुर्ग जिले में अलग-अलग स्थानों पर कई सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इनमें प्रमुख रूप से—
- रक्तदान शिविर
- स्वच्छता अभियान
- स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
- पौधरोपण कार्यक्रम
- अन्य जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियां
शामिल रहेंगी।
जिला से मंडल स्तर तक बनाई गईं टोलियां
अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की टोलियां गठित कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दुर्ग जिले में अभियान के संयोजक की जिम्मेदारी दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को दी गई है।
जिला टोली में उनके साथ जिला महामंत्री विनोद अरोरा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह और डॉ. मानसी गुलाटी को सदस्य बनाया गया है।
भाजपा नेतृत्व के अनुसार मंडल स्तर पर भी समन्वय स्थापित कर पूरे महीने चलने वाले कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संगठन के कार्यकर्ताओं को जनसेवा से जोड़ते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा गतिविधियों का विस्तार करना है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




