बोरसीभाठा में हरियाली का वन महोत्सव महाअभियान, 12 हेक्टेयर में सजे 3,500 नए पौधे…
विद्यार्थियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी, नवरोपित पौधों को रक्षासूत्र बांधकर लिया देखभाल का संकल्प

दुर्ग। हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से बोरसीभाठा में वन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। दुर्ग वनमंडल के वन विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत करीब 12 हेक्टेयर क्षेत्र में 3,500 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं पौधरोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
500 से ज्यादा लोगों ने बढ़ाया अभियान का उत्साह
वन महोत्सव में स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जूनियर रेडक्रास, भारत स्काउट एवं गाइड तथा रोवर रेंजर्स से जुड़े विद्यार्थियों सहित लगभग 500 प्रतिभागियों ने पौधरोपण कार्यक्रम में भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय नागरिकों में पर्यावरण के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
पौधों को बांधा रक्षासूत्र, संरक्षण का लिया संकल्प
वन महोत्सव में भारत स्काउट एवं गाइड दुर्ग की ओर से एक अभिनव पहल की गई। नवरोपित पौधों की सुरक्षा और संरक्षण के संदेश के साथ बच्चों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों को रक्षासूत्र बांधा।
इस पहल के जरिए पौधों को केवल हरियाली का हिस्सा नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
अधिकारियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
समारोह में मुख्य वन संरक्षक (दुर्ग वृत्त) एम. मर्सिबेला, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम (दुर्ग शहर) प्रफुल्ल गुप्ता, तहसीलदार क्षमा यदु तथा प्रभारी वनमंडलाधिकारी जितेन्दर कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वन महोत्सव के माध्यम से बोरसीभाठा में हरियाली विस्तार के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया गया। बड़े पैमाने पर पौधरोपण और उनके संरक्षण के संकल्प ने कार्यक्रम को जनभागीदारी आधारित पर्यावरण अभियान का स्वरूप दिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/






