chhattisgarhknowledgeReligionछत्तीसगढ़धर्म अध्यात्मभिलाईयूटिलिटी न्यूजविविध विषय

गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर 3 जनवरी को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन, भिलाई में तैयारियों को लेकर बनी सहमति…

भिलाई में नगर कीर्तन की तैयारियां तेज, हाउसिंग बोर्ड से सेक्टर-6 गुरुद्वारा तक निकलेगी शोभायात्रा, पांच स्वागत द्वार और गतका प्रदर्शन रहेगा आकर्षण

भिलाई। दशम पिता धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भिलाई में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, सेक्टर-6 भिलाई में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर कीर्तन के आयोजन, मार्ग, धार्मिक सेवाओं, स्वागत द्वार, पालकी साहिब, गतका प्रदर्शन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक की अध्यक्षता गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 के प्रधान सरदार गुरदेव सिंह एवं छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह चहल ने की।

3 जनवरी को सुबह 11 बजे शुरू होगा नगर कीर्तन

छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के महासचिव गुरुनाम सिंह ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन 3 जनवरी 2027, रविवार को सुबह 11 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु अर्जन देव जी, हाउसिंग बोर्ड से प्रारंभ होगा। नगर कीर्तन विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, सेक्टर-6 भिलाई पहुंचेगा। आयोजन का समापन शाम लगभग 6 से 6:30 बजे तक होगा।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगा नगर कीर्तन

नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा हाउसिंग बोर्ड से होगा। इसके बाद छावनी चौक, पावर हाउस ब्रिज, सेक्टर-1 मुर्गा चौक, सेक्टर-3 चौक एवं सेक्टर-5 चौक होते हुए नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, सेक्टर-6 भिलाई पहुंचेगा।

धार्मिक सेवाओं की सौंपी गई जिम्मेदारी

नगर कीर्तन में पंच प्यारे साहिबान, पंज निशान साहिब, पांच कृपाणधारी एवं चौबदार की व्यवस्था की सेवा सरदार बलदेव सिंह, सरदार हरपाल सिंह एवं सरदार जोगिंदर सिंह जोगी को सौंपी गई है।

पालकी साहिब पर शब्द कीर्तन करने वाले विभिन्न गुरुद्वारों के जत्थों की व्यवस्था एवं उनके नाम तय करने की जिम्मेदारी श्री गुरु सिंघ सभा, गुरु नानक नगर के स्टेज सचिव सरदार गुरमेज सिंह सोखी को दी गई है।

पांच स्वागत द्वारों सहित होगी विशेष सजावट

नगर कीर्तन के स्वागत के लिए पांच स्वागत द्वार लगाने की सेवा सिख यूथ सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष सरदार इंद्रजीत सिंह छोटू ने ली है। इसके अलावा गुरुद्वारा हाउसिंग बोर्ड द्वारा तीन स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों द्वारा भी एक-एक स्वागत द्वार लगाने की सेवा की जाएगी। इस संबंध में संबंधित कमेटियों को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 की प्रबंधक कमेटी से संपर्क करने कहा गया है।

नगर कीर्तन में फूलों से सुसज्जित गाड़ी की व्यवस्था भी रहेगी। इसके लिए इच्छुक सेवादार अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।

गतका प्रदर्शन और स्कूली बच्चों की रहेगी सहभागिता

नगर कीर्तन में पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट गतका का प्रदर्शन भाई अमनदीप सिंह एवं उनके साथियों द्वारा किया जाएगा। वहीं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 भिलाई द्वारा बैंड पार्टी, स्कूली बच्चों की सहभागिता, श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी की तस्वीर वाली गाड़ी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ली गई है।

श्रद्धालुओं के लिए लंगर और एंबुलेंस की व्यवस्था

सिख यूथ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि नगर कीर्तन के दौरान शिक्षा का लंगर लगाया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

अगली बैठक में तैयारियों को दिया जाएगा अंतिम रूप

नगर कीर्तन की तैयारियों की समीक्षा करने और शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों की अगली बैठक नगर कीर्तन से एक सप्ताह पूर्व आयोजित की जाएगी।

बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित

बैठक में छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के बलदेव सिंह, तजिंदर सिंह, जसबीर सिंह सैनी, बलजींदर सिंह कलेर, बीबी कुलवंत कौर, हरपाल सिंह कमल, सिख सेवा समिति के जसवंत सिंह सैनी, कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह, हरनेक सिंह, गुरमेज सिंह सोखी, सुखदेव सिंह लाडी, सतवंत सिंह रंधावा, सुच्चा सिंह सैनी, इंद्रजीत सिंह सैनी, बलकार सिंह, अनूप सिंह, हरपाल सिंह हैप्पी, अजीत सिंह काले, सुखबीर सिंह ब्रोका, कुलवंत सिंह, त्रिलोचन सिंह सिद्धू, सुरजीत सिंह, बलविंदर सिंह, सुच्चा सिंह, स्वर्ण सिंह कोक, रौनक सिंह, अमरजीत सिंह, निर्मल सिंह रंधावा, जसबीर सिंह वेगल, कुलदीप सिंह, गुलजार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में सभी सदस्यों ने नगर कीर्तन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग एवं सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button