श्रम कार्ड अपडेट शिविरों में उमड़ रही श्रमिकों की भीड़, बड़ी संख्या में पहुंच रहे हितग्राही…
दुर्ग जिले में श्रम कार्ड आधार से लिंक एवं संशोधन का काम तेज, पंचायतों और नगरीय निकायों में लगाए जा रहे शिविर

दुर्ग। जिले में पंजीकृत श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम कार्ड अद्यतन एवं संशोधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों को श्रमिकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंचकर अपने श्रम कार्ड से संबंधित आवश्यक जानकारी का सत्यापन और संशोधन करा रहे हैं।
आधार कार्ड के अनुरूप किया जा रहा श्रम कार्ड का सत्यापन
कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में ये शिविर लगाए जा रहे हैं। सहायक श्रमायुक्त के अनुसार, श्रम विभाग द्वारा योजनाओं की राशि और सुविधाएं वास्तविक एवं पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय डेटाबेस को आधार कार्ड के अनुरूप सत्यापित किया जा रहा है।

इस कार्य के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) को अधिकृत किया गया है। सीएससी संचालकों द्वारा क्षेत्रवार शिविर आयोजित कर श्रमिकों को उनके घर के नजदीक ही श्रम कार्ड अद्यतन एवं संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों में श्रमिकों की भागीदारी से डेटाबेस अपडेट करने के कार्य में तेजी आई है।
अपडेट श्रम कार्ड होने पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ
श्रम विभाग के नियमानुसार, आगामी योजनाओं का लाभ उन्हीं पात्र श्रमिकों को मिल सकेगा, जिनका श्रम कार्ड आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन होगा। ऐसे में जिले के शेष पंजीकृत श्रमिकों से प्रशासन एवं श्रम विभाग ने अपील की है कि वे समय रहते अपने नजदीकी शिविर अथवा कॉमन सर्विस सेंटर में पहुंचकर श्रम कार्ड का अद्यतन एवं संशोधन कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कराएं, ताकि भविष्य में शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




