छत्तीसगढ़भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र में “फायर सेफ्टी क्वेस्ट” प्रतियोगिता का आयोजन…

भिलाई इस्पात संयंत्र के अग्निशमन विभाग द्वारा दिनांक 04 नवंबर 2025 को दोपहर 2:00 बजे, मानव संसाधन विकास केंद्र के सभागार में “फायर सेफ्टी क्वेस्ट” प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आग से संबंधित खतरों एवं सुरक्षा उपायों की समझ विकसित करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और उपयुक्त प्रतिक्रिया देने की क्षमता को सुदृढ़ करना है।

यह प्रतियोगिता कर्मचारियों के ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करेगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों में भागीदारी और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के सभी गैर-कार्यपालक कर्मचारी (अग्निशमन सेवा एवं सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग को छोड़कर) भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित नियमावली एवं पंजीकरण फॉर्म बीएसपी के होम पेज पर उपलब्ध हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 नवम्बर 2025 है।

उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र जैसे विशाल औद्योगिक प्रतिष्ठान में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग और प्रशिक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है। आग लगने जैसी आकस्मिक घटनाओं में सतर्कता, संयम और त्वरित निर्णय क्षमता के माध्यम से न केवल जान-माल की हानि को रोका जा सकता है, बल्कि उत्पादन प्रक्रिया की निरंतरता भी सुनिश्चित की जा सकती है।

इसी उद्देश्य से कर्मचारियों को आग की रोकथाम, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा आपातकालीन निकासी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। “फायर सेफ्टी क्वेस्ट” प्रतियोगिता कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

सुरक्षित कार्य संस्कृति किसी भी संगठन की सफलता का मूल आधार होती है, और इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति सक्रिय भागीदारी और जागरूकता को प्रोत्साहित करती हैं। यह आयोजन कर्मचारियों के आत्मविश्वास एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को भी सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।

इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों में यह समझ विकसित होगी कि आग की घटनाओं की रोकथाम हेतु सतर्कता, जागरूकता एवं प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक घटक हैं। यह पहल अग्निशमन विभाग की सुरक्षा के प्रति सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जिसके अंतर्गत संयंत्र में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button