स्वदेशी व्यापारी मंच में अजय भसीन को मिलेगी प्रदेश स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, व्यापारियों की आवाज बनेगा संगठन…
व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह में 21 व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ सम्मान, भिलाई के दिनकर बासोतिया भी हुए सम्मानित

रायपुर। स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा आयोजित भव्य व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के 21 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। समारोह विमतरा ऑडिटोरियम, शांति नगर, इंद्रावती कॉलोनी, रायपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भिलाई के व्यापारी एवं उद्योगपति भी सम्मानित हुए।

अजय भसीन के नेतृत्व की हुई सराहना
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख दीपक शर्मा ने युवा व्यापारी नेतृत्वकर्ता एवं प्रदेश संयोजक अजय भसीन की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि अजय भसीन के नेतृत्व में स्वदेशी व्यापारी मंच व्यापारियों की सशक्त आवाज बनेगा। उनके नेतृत्व कौशल और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात भी सामने आई।
दिनकर बासोतिया को मिला व्यापार गौरव अलंकरण
समारोह में व्यापार एवं उद्योग जगत में संघर्ष, परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले 21 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में भिलाई की डीबी कमर्शियल कंपनी के डायरेक्टर दिनकर बासोतिया को ‘छत्तीसगढ़ व्यापार गौरव अलंकरण’ से सम्मानित किया गया।
स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
प्रदेश संयोजक अजय भसीन ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों और उद्योगपतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्रा ने भी व्यापार, उद्यमिता और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
विशेष अतिथि जगदीश पटेल ने कहा कि व्यापारी केवल आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे रोजगार सृजन, आर्थिक मजबूती और सामाजिक विकास के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। सफल व्यापारियों का सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में संभाग संयोजक विनय सिंह, भिलाई जिला संयोजक मनोहर कृष्णानी, विकास पांचाल, सुनील मिश्रा, सरोजनी पाणिग्रही, पूर्णिमा नंदी, माधुरी पराशर, निरंकार सिंह, शिवराज शर्मा और लकी सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति एवं सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह का समापन स्वदेशी को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने और सशक्त व्यापारिक भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




