chhattisgarhknowledgesportsकैरियरखेलछत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला, बेटियों को मिलेगा आगे बढ़ने का प्रोत्साहन…

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीसरे मुकाबले का लिया आनंद, कहा—विश्वस्तरीय खेल आयोजन से बढ़ेगी प्रदेश की पहचान और रोजगार के अवसर

रायपुर । नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की श्रृंखला का आयोजन किया गया और इस प्रकार छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन को प्रदेश में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने, युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करने और छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला, बेटियों को मिलेगा आगे बढ़ने का प्रोत्साहन...
?????????????????????????????????????????????????????????

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और भारत तथा जिम्बाब्वे की महिला खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक श्रृंखला से बढ़ेगा बेटियों का आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इस आयोजन को और भी खास बनाता है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला, बेटियों को मिलेगा आगे बढ़ने का प्रोत्साहन...

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करने का अवसर भी है। जब युवा बालिकाएं विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर प्रदर्शन करते हुए देखेंगी, तो उनके भीतर भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था

इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता से नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। महिला खिलाड़ियों की सफलता समाज में सकारात्मक संदेश देती है और नई पीढ़ी को अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करती है।

खेल प्रतिभाओं को अवसर और बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और प्रतिस्पर्धा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिले। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पहचानने, अनुभव हासिल करने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन रहा नवा रायपुर

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ की प्रमुख खेल अधोसंरचनाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां नियमित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

इससे प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबले देखने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल वातावरण को करीब से समझने और अनुभवी खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का मौका मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया जा चुका है। राज्य सरकार की पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी आयोजित हुए। अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला ने प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम जोड़ा है।

खेल आयोजनों से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ उसकी अर्थव्यवस्था और पहचान को भी नई ऊर्जा देते हैं। ऐसे आयोजनों में देश-विदेश से खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों के आने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ती हैं।

इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सुविधाओं, आतिथ्य और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने में भी मदद मिल सकती है।

नवा रायपुर को स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे एक सुव्यवस्थित राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।

इसके लिए आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा अधोसंरचना के बेहतर उपयोग और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ी विश्व मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मैत्री और खेल भावना का यादगार अवसर

मुख्यमंत्री साय ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला उत्कृष्ट खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक श्रृंखला प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

Source Link : https://jansampark.cg.gov.in/dprnewsportal/NewsDetails.aspx?type=TQwAi5bC7eg%3d&param=9YKlP%2f5Pcy3GmfAFwsH0dg%3d%3d

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे  :   https://jantakikalam.com/

इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।

खबरों और विज्ञापन के लिये सम्पर्क करे
[email protected]
मो. – 9827156570

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button