
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और स्वदेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में इस वर्ष स्वदेशी मेला का विस्तार प्रदेश के विभिन्न जिलों तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र (CBMD) द्वारा आयोजित किए जाने वाले स्वदेशी मेले के आधिकारिक पोस्टर एवं ब्रोशर का विमोचन किया।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष मेला अभियान जगदलपुर के बस्तर से शुरू होकर अंबिकापुर के सरगुजा तक पहुंचेगा। प्रदेश के करीब 10 स्थानों/जिलों में स्वदेशी मेले आयोजित किए जाने की तैयारी है। जगदलपुर, बिलासपुर, रायपुर, भिलाई-दुर्ग, राजनांदगांव और अंबिकापुर सहित विभिन्न स्थानों पर मेले लगाए जाएंगे।
गांव से बाजार तक पहुंचेगा स्थानीय हुनर
स्वदेशी मेले का उद्देश्य गांवों, छोटे उद्यमियों, कारीगरों और स्व-सहायता समूहों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा उद्यमिता एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेलों से स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और स्वदेशी उद्योगों को बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बस्तर से अंबिकापुर तक होगा आयोजन
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष स्वदेशी मेला अभियान को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की योजना है। बस्तर क्षेत्र से इसकी शुरुआत करते हुए इसे सरगुजा तक आयोजित किया जाएगा। इससे विभिन्न जिलों के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।
मेले में स्थानीय उत्पादों, स्वदेशी वस्तुओं, हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को प्रदर्शित एवं बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। इससे स्वरोजगार और स्थानीय उद्यमिता को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, डॉ. सुशील श्रीवास्तव, डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, गुलशन ऋषि, अरुणा दीक्षित, युगबोध अग्रवाल, अमर बंसल, सुब्रत चाकी, दिनेश पाटिल, चेंबर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, अमरजीत सिंह छाबड़ा, विष्णु साव, विनोद डड्ढा, योगेश बागड़ी, शंकर सचदेव, विनय सिंह सहित स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों के मुताबिक स्वदेशी मेले के विभिन्न जिलों में आयोजन की तारीख और स्थानों की विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




