
रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ के उद्योग जगत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी औद्योगिक क्षमता और कारोबारी संभावनाओं को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलने जा रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित BRICS Business Forum 2026 में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उद्योग चेंबर अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
Federation of Indian Chambers of Commerce and Industry (FICCI) ने डॉ. गुप्ता के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण को मंजूरी प्रदान की है। भारत की BRICS Chairship के अंतर्गत होने वाले इस फोरम में विभिन्न देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।
व्यापार और निवेश के नए रास्तों पर होगी चर्चा
BRICS Business Forum सदस्य देशों के बीच व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण वैश्विक मंच माना जाता है। फोरम के माध्यम से भारतीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, निवेश और कारोबारी साझेदारी की नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि BRICS जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ के उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव के साथ एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मैन्युफैक्चरिंग और MSME सेक्टर की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें वैश्विक व्यापार और तकनीकी सहयोग से जोड़कर विकास के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ की ताकत
फोरम के दौरान डॉ. गुप्ता का फोकस छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, MSME क्षेत्र, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उद्योग प्रतिनिधियों के सामने प्रभावी ढंग से रखने पर रहेगा।
इसके साथ ही निर्यात, नई तकनीक, निवेश और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक सहयोग जैसे विषयों पर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश के उद्योग जगत के लिए अहम अवसर
BRICS Business Forum 2026 में डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की सहभागिता को छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को प्रस्तुत करने से छत्तीसगढ़ के उद्यमों के लिए नए व्यापारिक संपर्क, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाएं सामने आ सकती हैं।
यह सहभागिता ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब प्रदेश के MSME, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को राष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर विस्तार देने की संभावनाओं पर जोर दिया जा रहा है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




