बीएसपी में गुरुजनों का गौरव बढ़ा, 25 शिक्षकों व कर्मचारियों का सम्मान…
शिक्षक दिवस समारोह में सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, ‘स्मारिका’ का विमोचन; एआई युग में मार्गदर्शन की भूमिका पर जोर

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को एम.पी. हॉल, भिलाई निवास में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी, बीएसपी चित्तरंजन महापात्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा देवी सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के बाद वंदे मातरम् का गायन किया। स्वागत गान के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया और उन्हें पौधे भेंट किए गए।
समारोह में कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार तथा महाप्रबंधक (टीएसडी एवं सीएसआर) ए.बी. श्रीनिवास सहित बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और बीएसपी स्कूलों के प्रमुख उपस्थित रहे।
बदलते दौर में शिक्षक की भूमिका अहम
महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे ने स्वागत भाषण में बीएसपी स्कूलों की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बदलते तकनीकी दौर में विद्यार्थियों के अध्ययन पर मनोरंजन और डिजिटल माध्यमों के प्रभाव को भी रेखांकित किया। उन्होंने शिक्षकों से पाठ्यक्रम को अधिक रुचिकर बनाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे आधुनिक साधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना सिखाने का आग्रह किया।
‘गुरुवंदना’ ने बांधा समां
सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने संगीतमय नृत्य नाटिका ‘गुरुवंदना’ प्रस्तुत कर गुरु-शिष्य परंपरा को मंच पर जीवंत किया।
वहीं कक्षा 11वीं की छात्रा दिशा शुक्ला और भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 की छात्रा सुहानी पाढ़ी ने स्मारिका के विषय “सशक्त शिक्षा की ओर : एआई एक सहायक उपकरण, शिक्षक एक मार्गदर्शक” पर अपने विचार रखे।
आंग्ल माध्यम माध्यमिक शाला, सेक्टर-9 के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य, सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य और भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के विद्यार्थियों ने भिलाई एंथम प्रस्तुत किया।
‘स्मारिका’ का हुआ विमोचन
समारोह में बीएसपी शिक्षा विभाग की वार्षिक पत्रिका ‘स्मारिका’ का विमोचन भी किया गया। इसमें शिक्षा विभाग की वर्षभर की गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों की मौलिक रचनाओं को स्थान दिया गया है।
25 लोगों को मिला शिक्षक दिवस सम्मान
समारोह का प्रमुख आकर्षण बीएसपी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षकों और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि चित्तरंजन महापात्र ने कुल 25 व्यक्तियों को सम्मानित किया।
सम्मान पाने वालों में:
- 1 प्राचार्य
- 1 प्रधान अध्यापिका
- 1 उप प्रबंधक
- 1 सहायक प्रबंधक
- 6 वरिष्ठ व्याख्याता
- 2 अतिरिक्त वरिष्ठ व्याख्याता
- 4 व्याख्याता
- 2 वरिष्ठ शिक्षक
- 4 शिक्षक
- 3 गैर-शिक्षकीय कर्मचारी
इसके अलावा बीएसपी स्कूलों के चार पूर्व शिक्षकों, जिन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
बीएसपी की शैक्षणिक विरासत पर गर्व
कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने अपने संबोधन में अपने गुरुजनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी सफलता में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भिलाई की शैक्षणिक परंपरा पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि बीएसपी स्कूलों ने शिक्षा और संस्कारों के जरिए अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
बेहतर समाज की नींव रखते हैं शिक्षक
मुख्य अतिथि चित्तरंजन महापात्र ने भिलाई के शिक्षकों की लगन और कर्तव्यबोध की सराहना की। उन्होंने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र ने इस्पात उत्पादन के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि भिलाई के विद्यार्थी आज दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपनी पहचान बना रहे हैं। अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए उन्होंने गुरुजनों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि भावी नागरिकों के निर्माण में उनका योगदान एक बेहतर समाज की नींव तैयार करता है।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की प्राचार्या सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संचालन भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 की व्याख्याता सजिथा राजेश और आंग्ल माध्यम माध्यमिक शाला, सेक्टर-9 की वरिष्ठ शिक्षिका महुआ चटर्जी ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/







