bhilai-steel-plantchhattisgarheducationentertainmentknowledgeकैरियरछत्तीसगढ़भिलाई

मंच पर मिली पर्ची, उसी विषय पर तुरंत भाषण; नराकास प्रतियोगिता में लोकेश जंघेल अव्वल…

भिलाई में आयोजित आयोजन में बीएसपी, डाक विभाग और बीमा संस्थानों के प्रतिभागियों ने दिखाया भाषायी कौशल

भिलाई। नगर राजभाषा कार्यालय समिति, भिलाई-दुर्ग (नराकास) के तत्वावधान में भारतीय जीवन बीमा निगम, शाखा क्रमांक-1, सिविक सेंटर, भिलाई द्वारा नराकास स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेक्टर-6 स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम के विक्रय प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न सदस्य संस्थानों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की वरिष्ठ मंडल प्रबंधक भावना चाँदवानी थीं। निर्णायक मंडल में राइट्स लिमिटेड के महाप्रबंधक राजीव कुमार आहूजा, भारत संचार निगम लिमिटेड की उप मंडल अभियंता (राजभाषा) अनुराधा धनांक और भिलाई इस्पात संयंत्र के उप प्रबंधक जितेन्द्र दास मानिकपुरी शामिल रहे।

मंच पर मिली पर्ची, उसी विषय पर तुरंत भाषण; नराकास प्रतियोगिता में लोकेश जंघेल अव्वल...

दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरुआत

मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रगीत के बाद आयोजक संस्थान प्रमुख एस. आर. विश्वनाथन ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने नराकास के प्रोत्साहन के लिए आभार जताते हुए बीमा के महत्व और भारतीय जीवन बीमा निगम के योगदान पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि भावना चाँदवानी ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय और राजभाषा विभाग की राजभाषा नीति के अनुरूप हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थानों की जिम्मेदारी है। उन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ राष्ट्रीय एवं राजभाषा संबंधी दायित्वों के निर्वहन की सराहना की।

पर्ची से तय हुआ भाषण का विषय

प्रतियोगिता के प्रारंभ में शैलेश बोरकर ने प्रतिभागियों को नियमों की जानकारी दी। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से बोलने का क्रम तय किया गया। प्रतिभागियों ने पर्ची निकालकर प्राप्त विषय के आधार पर तत्काल भाषण प्रस्तुत किया।

लोकेश जंघेल ने हासिल किया पहला स्थान

निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में—

  • प्रथम: लोकेश जंघेल, इंजीनियरिंग एसोसिएट, बार एंड रॉड मिल, बीएसपी
  • द्वितीय: सौरभ मिश्रा, पैकर, भारतीय डाक विभाग
  • तृतीय: अभिषेक साहू, इंजीनियरिंग एसोसिएट, बार एंड रॉड मिल, बीएसपी

प्रोत्साहन पुरस्कार अजिताभ कुमार, शीलमणि ईवा बखला, ओमवीर करण, मनीष और अप्पू बेहरा को प्रदान किए गए।

निर्णायकों ने प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए। उन्होंने विषय को शीघ्र समझने, प्रभावी भाषा शैली अपनाने, सशक्त तर्क रखने और निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण प्रस्तुति देने को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन सुदेशना भट्टाचार्य ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजभाषा अधिकारी इस्पीता मोदक दत्ता ने किया।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button