कमिश्नर ने विभिन्न आवेदनकर्ताओं की शिकायत की सुनवाई की किसी ने पेंशन ग्रेच्युटी दिलाने तो किसी ने रजिस्ट्री का नामांतरण करने तो किसी ने मुआवजा दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया

रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने मंगलवार को आयोजित संभागीय जनसुनवाई में रीवा संभाग के मैहर, मऊगंज, सीधी, सतना, रीवा, सिंगरौली जिले से आए आवेदनकर्ताओं की शिकायत एवं समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना एवं यथासंभव सभी शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम बिहरा तहसील हुजुर की श्रीमती खुशबू सिंह ने कमिश्नर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी जमीन में उनके नाम की रजिस्ट्री एवं नामांतरण किया जाए। उन्होंने बताया कि अब तक राजस्व अधिकारियों ने उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया है। सभी डॉक्यूमेंट का परीक्षण करने के पश्चात कमिश्नर ने तहसीलदार एवं एसडीएम को दूरभाष पर श्रीमती खुशबू सिंह के प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सोना रूपा जिला रीवा की श्रीमती सुमन सत्येंद्र रजक ने आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2025 में आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका पद के लिए उन्होंने फॉर्म भरा था लेकिन स्नातक के 10 अंक उन्हें नहीं दिए गए और किसी अन्य का चयन आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर हो गया। उन्होंने संपूर्ण मामले की जांच करने एवं परिणाम ऑनलाइन करने की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को संपूर्ण मामले का परीक्षण कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए। आवेदक प्रवेश कुमार ने बताया कि वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगा में रसायन शास्त्र पढ़ाया करते थे। प्राचार्य द्वारा दबाव डालकर उन्हें नि:शुल्क पढ़ाने का सहमति पत्र बना दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने काफी समय तक वहां पर अध्यापन का कार्य किया है अतः उन्हें मानदेय दिया जाए। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को तत्संबंध में उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए ।
ग्राम बन्नई जिला मऊगंज के किसानों ने सेवा सहकारी समिति की दुकान अल्हौवा के विक्रेता एवं सहायक प्रभारी को पद से हटाने की मांग की। सभी ने बताया कि सहायक प्रभारी ने खाद्यान्न की कालाबाजारी की एवं एक अन्य किसान के नाम पर फर्जी कर्ज़ चढ़ा दिया है, साथ ही एक अन्य किसान का फर्जी धान का पंजीयन कराया है। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक सहकारिता को आवेदनकर्ता की शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए। एक अन्य शिकायतकर्ता ने जनपद पंचायत मैहर अंतर्गत ग्राम पंचायत बेल्दरा में उपयंत्री के संरक्षण में गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य करने एवं निर्माण कार्य की जांच की मांग की। कमिश्नर ने कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी को आवेदनकर्ता की शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पैपखरा रायपुर कर्चुलियान के सुरेश प्रसाद तिवारी ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि अराजी नंबर 170/4 एवं 171 से मुख्य क्योटी नहर को टेढ़ी कर सर्वे मुताबिक न ले जाकर अराजी नंबर 170/4 को बहुत अधिक ज्यादा जमीन अधिग्रहीत कर ली गई है। जल संसाधन विभाग द्वारा इसका मुआवजा भी नहीं दिया गया। मुआवजा मांगने पर बजट न होने का बहाना किया जाता है। कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचे सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट ग्रेड एक कमलराज सिंह ने बताया कि वे मई 2026 में सेवानिवृत्त हुए हैं लेकिन आज तक उन्हें पेंशन, अर्जित अवकाश नगदीकरण एवं ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं हुआ है। कमिश्नर द्वारा संयुक्त संचालक स्वास्थ्य विभाग को आवेदनकर्ता की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आज आयोजित जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, डिप्टी कमिश्नर राजस्व श्री एल एल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी एवं अन्य सभी संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।




