दुर्ग

बार एवं रॉड मिल में कैपिटल रिपेयर के शुभारंभ पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) का “सुरक्षा संवाद

भिलाई इस्पात संयंत्र के “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य की प्राप्ति एवं सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संयंत्र की अग्रणी उत्पादन इकाई बार एवं रॉड मिल में कैपिटल रिपेयर के शुभारंभ के अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य)  राकेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से संवाद किया तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने का आह्वान किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में  राकेश कुमार ने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति उत्कृष्ट उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन एवं संगठन की दीर्घकालिक सफलता का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का प्रथम दायित्व स्वयं की तथा अपने सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सुरक्षा नियमों का ईमानदारी एवं अनुशासनपूर्वक पालन ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली व्यावहारिक सुरक्षा सावधानियों का उल्लेख करते हुए ऑक्सीजन सिलेंडरों के सुरक्षित परिवहन, गैस कटिंग सेट के सुरक्षित संचालन तथा क्रेन संचालन एवं उसकी आवाजाही के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों के अक्षरशः पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में क्षणिक लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक कार्मिक को निर्धारित कार्य-पद्धतियों एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ पालन करना चाहिए।

राकेश कुमार ने ऊँचाई पर कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग, कार्य प्रारंभ करने से पूर्व जोखिमों के समुचित आकलन तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के पूर्ण अनुपालन की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक कर्मचारी सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करेगा, तभी संगठन का “शून्य दुर्घटना” का संकल्प वास्तविकता में परिवर्तित होगा। कार्यक्रम के समापन पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर बार एवं रॉड मिल के विभागाध्यक्ष एवं मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं यूआरएम) योगेश शास्त्री सहित विभागीय कार्यपालक, गैर-कार्यपालक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्मिकों ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कार्य का निष्पादन निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कार्य-पद्धतियों के अनुरूप करने तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के “शून्य दुर्घटना” लक्ष्य की प्राप्ति में अपना सक्रिय एवं सार्थक योगदान देने का विश्वास दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button