यातायात हाईवे पेट्रोलिंग की सतर्कता से नशे की हालत में ट्रक चलाकर आमजन की जान जोखिम में डालने वाले चालक पर त्वरित कार्रवाई

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 02.08.2026 की रात्रि लगभग 12:36 बजे हाईवे पेट्रोलिंग-03 की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सिरसा गेट चौक के पास एक ट्रक चालक अत्यधिक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन को लहराते हुए चलाता दिखाई दिया, जिससे अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
पेट्रोलिंग टीम द्वारा तत्काल ट्रक को रोककर पूछताछ की गई। चालक के हाव-भाव एवं बातचीत से उसके नशे में होने की आशंका होने पर वाहन साइड में लगाने के निर्देश दिए गए, किन्तु चालक ने पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए ट्रक लेकर मौके से भागने का प्रयास किया। इसकी सूचना तत्काल वायरलेस के माध्यम से अन्य पेट्रोलिंग टीमों को दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही हाईवे पेट्रोलिंग-02 द्वारा नेहरू नगर चौक पर तत्काल नाकाबंदी की गई। टीम की सतर्कता एवं त्वरित समन्वित कार्रवाई से भाग रहे ट्रक को सुरक्षित रूप से रोककर चालक को हिरासत में लिया गया तथा यातायात मुख्यालय लाया गया।
यातायात मुख्यालय में उप निरीक्षक दरबारी राम की उपस्थिति में चालक का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें चालक द्वारा 424 ML अल्कोहल का सेवन किया जाना पाया गया। इसके उपरांत चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 185 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सराहनीय कार्य :
उक्त कार्रवाई में हाईवे पेट्रोलिंग-03 एवं हाईवे पेट्रोलिंग-02 की टीम द्वारा त्वरित समन्वय, सतर्कता एवं प्रभावी नाकाबंदी कर नशे की हालत में वाहन चला रहे चालक को सुरक्षित रूप से पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। उप निरीक्षक दरबारी राम द्वारा ब्रीथ एनालाइजर परीक्षण एवं वैधानिक कार्रवाई संपादित की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील :
यातायात पुलिस दुर्ग आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब अथवा किसी भी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं। नशे की अवस्था में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य निर्दोष नागरिकों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालता है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




