डीपीएस रिसाली में सेफ्टी क्विज़ प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान, विद्यार्थियों में सुरक्षा जागरूकता को मिला प्रोत्साहन

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग द्वारा डीपीएस रिसाली स्कूल में आयोजित सेफ्टी क्विज़ प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु विगत दिनों में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 17 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें दैनिक जीवन में सुरक्षित
व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस पहल की संकल्पना मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) डी. सतपथी द्वारा की गई थी तथा इसके सफल आयोजन में महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग) एस. के. अग्रवाल एवं महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस तथा प्राचार्य प्रभारी, डीपीएस रिसाली ए. एच. जुंजानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग के सहायक महाप्रबंधक अजय टल्लू, उप प्रबंधक अरिजीत रॉय एवं सहायक प्रबंधक अखिल मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा खुबी रुंगटा ने किया, जबकि आयोजन के समन्वय में विद्यालय की हेड मिस्ट्रेस श्रीमती नीलम पाण्डेय एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों के ज्ञान का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनमें सुरक्षा के प्रति स्थायी जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर सीखे गए सुरक्षा संबंधी संस्कार जीवनभर साथ रहते हैं और यही विद्यार्थी आगे चलकर घर
विद्यालय, सड़क एवं कार्यस्थल पर सुरक्षित व्यवहार को अपनाते हुए समाज में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस पहल की सफलता में सहयोग देने वाले विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों तथा सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में प्रणज सोनी ने प्रथम, शांश पाण्डेय ने द्वितीय तथा दक्ष दडसेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त शौर्य स्वर्णकार, एस. दयानिधि शन्मुगावेल, वात्सल त्रिपाठी, वेदांत अग्रवाल एवं सुहानी अग्रवाल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।




