देश-दुनिया

‘कोई तय नहीं करेगा कि अमेरिका क्या बेचेगा’, F-35 डील पर ट्रंप ने नेतन्याहू को दिया जवाब

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्किये को F-35 स्टेल्थ लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आपत्ति को खारिज कर दिया है। ट्रंप ने साफ कहा कि अमेरिका क्या बेचेगा, यह फैसला कोई दूसरा नेता नहीं करेगा। सोमवार को एयर फोर्स वन में ट्रंप ने मीडिया से कहा, ‘कोई मुझे यह नहीं बताएगा कि हमें क्या बेचना चाहिए।

तुर्किये मेरे लिए एक शानदार सहयोगी रहा है।’ ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सोमवार को वॉशिंगटन पहुंचे हैं। यहां उनकी ट्रंप के साथ अहम बैठक होनी है, जिसमें क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान से जुड़े मुद्दे प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।

‘इजरायल को खत्म करने की धमकी देते हैं एर्दोआन’

बता दें कि हाल ही में नेतन्याहू ने CNN को दिए इंटरव्यू में तुर्किये को अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने खुद राष्ट्रपति ट्रंप से इस सौदे को मंजूरी नहीं देने की अपील की है। यह तब हुआ जब ट्रंप ने संकेत दिए थे कि वह अपने पहले कार्यकाल में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे हैं। नेतन्याहू ने कहा,

‘अमेरिका के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान तुर्किये को बेचने से वह अमेरिका का दोस्त नहीं बन जाएगा। तुर्किये का मौजूदा शासन मुस्लिम ब्रदरहुड से प्रभावित है, जो अमेरिका से नफरत करता है। रेचेप तैयप एर्दोआन अमेरिका के आदर्श सहयोगी नहीं हैं। वह मेरे देश, दुनिया के इकलौते यहूदी राष्ट्र को खत्म करने की धमकी देते हैं।’

‘हमारे तुर्किये के साथ पहले से बेहतर संबंध हैं’

नेतन्याहू ने यह भी चेतावनी दी कि अगर तुर्किये को F-35 विमान दिए गए तो इससे मध्य पूर्व में सैन्य शक्ति का संतुलन बिगड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रंप से सीधे कहा है कि इस सौदे को मंजूरी देना मध्य पूर्व का शक्ति संतुलन पूरी तरह बिगाड़ देगा।

वहीं, ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उनकी सरकार जल्द फैसला करेगी कि कांग्रेस के प्रतिबंध के बावजूद तुर्किये को F-35 विमान बेचे जाएं या नहीं। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि तुर्किये द्वारा रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के कारण लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध हटाए जाएंगे। ट्रंप ने कहा,

‘अब हमारे तुर्किये के साथ पहले से बेहतर संबंध हैं। कई मामलों में तुर्किये उन देशों से भी ज्यादा वफादार रहा है, जिनसे हमें वफादारी की उम्मीद थी।’

‘सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान है एफ-35’

ट्रंप ने यह भी कहा कि कई लोगों का मानना है कि रूस से S-400 सिस्टम खरीदने के बावजूद तुर्किये को F-35 खरीदने की इजाजत मिलनी चाहिए। ट्रंप ने F-35 को ‘अब तक का सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान’ बताते हुए कहा कि ‘यह ऐसा प्रस्ताव है, जिस पर हम निश्चित रूप से विचार करेंगे।’

उधर, तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन ने भी संकेत दिए हैं कि अंकारा को भरोसा है कि वह अमेरिका से F-35 लड़ाकू विमान खरीदने और तुर्किये के स्वदेशी KAAN लड़ाकू विमान के लिए अमेरिकी इंजन हासिल करने के समझौते के करीब पहुंच चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button