भिलाई

दक्षिण अफ्रीका में लहराया तिरंगा, इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग विजेताओं का भिलाई में हुआ जोरदार स्वागत

भिलाई। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का भिलाई-दुर्ग लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया।

ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच खिलाड़ियों का स्वागत

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ खिलाड़ियों और उनके कोच का सम्मान किया गया। पूरे माहौल में देशभक्ति और खेल भावना का उत्साह देखने को मिला।

इंद्रजीत सिंह छोटू को समर्पित किए अंतरराष्ट्रीय पदक

दक्षिण अफ्रीका से लौटे खिलाड़ियों और उनके कोच ने सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते गए पदकों को सम्मान स्वरूप उनके हाथों में सौंपा और फिर उन्हीं के हाथों से दोबारा अपने गले में धारण किया। खिलाड़ियों ने कहा कि समाज और वरिष्ठजनों के सहयोग एवं प्रोत्साहन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

‘छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं’ : इंद्रजीत सिंह छोटू

खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर लौटे ये खिलाड़ी पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की धरती पर तिरंगा लहराकर इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए ताकि वे भविष्य में भी देश का नाम रोशन करते रहें।

उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान इंद्रजीत सिंह छोटू ने सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक पदक जीतकर भारत तथा छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम में मलकित सिंह, हरजिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और समाजसेवी मौजूद रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button