डेंगू प्रतिरक्षण अभियान हेतु 81 अभ्यर्थियों को दिया गया प्रशिक्षण, सोमवार से भिलाई टाउनशिप में सघन अभियान होगा प्रारंभ…

भिलाई/ भिलाई इस्पात संयंत्र के जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से “डेंगू प्रतिरक्षण अभियान : प्रशिक्षण एवं सेवायोजना निर्धारण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.सी. बंजारे के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत पंजीकृत 120 अभ्यर्थियों में से 81 अभ्यर्थी प्रशिक्षण में शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जन स्वास्थ्य विभाग के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) रमेश गुप्ता तथा उप प्रबंधक डी.पी.एस. ब्रार द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने (सोर्स रिडक्शन), एंटी-लार्वा रसायनों के छिड़काव, फॉगिंग तथा घर-घर जाकर नागरिकों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी 81 प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की सेवायोजना तैयार कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में दायित्व सौंपे गए हैं। इसके अनुसार सोमवार से भिलाई टाउनशिप के सभी सेक्टरों एवं आवासीय क्षेत्रों में सघन डेंगू प्रतिरक्षण अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक रमेश गुप्ता एवं उप प्रबंधक डी.पी.एस. ब्रार ने कहा कि जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित टीम सोमवार से पूरे भिलाई टाउनशिप में अभियान चलाकर डेंगू नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित रखना तथा डेंगू के प्रसार को प्रभावी रूप से रोकना है।
भिलाई इस्पात संयंत्र का जन स्वास्थ्य विभाग टाउनशिप के सभी नागरिकों से अपील करता है कि सोमवार से प्रारंभ होने वाले इस सघन अभियान के दौरान सर्वेक्षण एवं फॉगिंग कार्य के लिए आने वाली स्वास्थ्य टीमों का पूर्ण सहयोग करें तथा अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




