भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र में करोड़ों रुपये की लौह सामग्री चोरी राष्ट्रीय संपत्ति पर संगठित हमला, सीबीआई जांच ही उजागर करेगी पूरा सच : भोजराज सिन्हा

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने भिलाई इस्पात संयंत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की लौह सामग्री चोरी के मामले को केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति, औद्योगिक सुरक्षा एवं जनविश्वास पर सुनियोजित हमला बताया है। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण जितना गंभीर दिखाई दे रहा है, उसकी परतें उससे कहीं अधिक गहरी प्रतीत होती हैं और इसकी निष्पक्ष एवं व्यापक जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच आवश्यक है।

श्री सिन्हा ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि लाखों लोगों की भावनाओं, देश की औद्योगिक प्रगति और राष्ट्र निर्माण के गौरव का प्रतीक है। ऐसे प्रतिष्ठान से करोड़ों रुपये मूल्य की लौह सामग्री का चोरी होना अत्यंत चिंताजनक है। यह घटना दर्शाती है कि संगठित आपराधिक तत्वों ने राष्ट्रीय संपत्ति को अपना निशाना बनाया और लंबे समय तक एक सुनियोजित तंत्र के माध्यम से इस अपराध को अंजाम दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्ग पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जो सराहनीय है, किंतु जनता के मन में यह स्वाभाविक प्रश्न उठ रहा है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री की चोरी हुई तो इसके पीछे केवल कुछ लोग ही जिम्मेदार नहीं हो सकते। इस पूरे प्रकरण में कौन लोग संरक्षण दे रहे थे, किसके इशारे पर यह नेटवर्क संचालित हो रहा था, किसे आर्थिक लाभ पहुंच रहा था और किन स्तरों पर लापरवाही अथवा मिलीभगत हुई, इसकी भी गहन जांच होना आवश्यक है।

श्री सिन्हा ने कहा कि करोड़ों रुपये मूल्य की राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि यह देश के संसाधनों की लूट है। ऐसे अपराधों से ईमानदार करदाताओं के धन, सार्वजनिक उपक्रमों की प्रतिष्ठा और शासन-प्रशासन की विश्वसनीयता को ठेस पहुंचती है। यदि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों को बेनकाब कर कठोर दंड नहीं दिया गया तो यह भविष्य में संगठित आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देने का कारण बन सकता है।

उन्होंने कहा कि आज भिलाई सहित पूरे दुर्ग जिले में आम नागरिकों के बीच यह चर्चा है कि इतने बड़े पैमाने पर चोरी की घटना बिना किसी प्रभावशाली संरक्षण, मिलीभगत अथवा संगठित नेटवर्क के संभव नहीं हो सकती। इसलिए जांच का दायरा व्यापक होना चाहिए और मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को सौंपे गए प्रतिवेदन में इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की अनुशंसा राज्य शासन एवं सक्षम प्राधिकारियों को भेजने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक किसी स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय एजेंसी द्वारा जांच नहीं होगी, तब तक वास्तविक षड्यंत्रकारियों, संरक्षणकर्ताओं एवं लाभार्थियों का खुलासा नहीं हो पाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस गंभीर मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button