भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘शाबाश’ सम्मान समारोह: रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आर ई डी) द्वारा परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा संस्कृति तथा कार्यबल विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए “शाबाश” सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्पादन, अनुरक्षण, सुरक्षा, परिचालन विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में एसएमएस-2, एसएमएस-3, ब्लास्ट फर्नेस, टॉरपीडो लैडल, मिल्स, मैकेनिकल ग्रुप, प्लानिंग एवं सुरक्षा अनुभाग सहित विभिन्न परिचालन इकाइयों के कर्मचारियों को उनके अनुभाग प्रभारियों एवं सहकर्मियों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण “शाबाश” योजना के अंतर्गत सेफ्टी स्टुअर्ड गोविंद का विशेष सम्मान रहा।
कार्यक्रम के दौरान यह उल्लेख किया गया कि रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग के कार्य निष्पादन का मूल्यांकन वर्षों से लैडल लाइफ वृद्धि, रिफ्रैक्टरी उपभोग में कमी, डाउनटाइम न्यूनिकरण तथा परिचालन विश्वसनीयता जैसे कठोर तकनीकी एवं आर्थिक मानकों के आधार पर किया जाता रहा है, लेकिन वर्तमान वर्ष में विभाग द्वारा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में स्थापित किया गया है।

विभाग द्वारा इस बात पर भी प्रकाश डाला गया कि बड़ी संख्या में कार्यरत संविदा श्रमिकों को औद्योगिक कार्यप्रणाली एवं तकनीकी अनुभव से परिचित कराना एक महत्वपूर्ण चुनौती है। इसके बावजूद विभागीय कर्मियों द्वारा नियमित मेंटरिंग, सेफ्टी टॉक, टूल बॉक्स इंटरैक्शन, व्यवहारिक प्रदर्शन, द्वितीय चरण प्रशिक्षण तथा व्यवहारगत मार्गदर्शन के माध्यम से कुशल एवं सुरक्षा-सचेत कार्यबल विकसित करने में निरंतर योगदान दिया जा रहा है।

मुख्य महाप्रबंधक (आर ई डी) प्रोसेनजीत दास एवं महाप्रबंधक (आर ई डी) आर. गोपालकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों को प्रबंधन एवं संविदा कार्यबल के मध्य एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मजबूत सुरक्षा संस्कृति केवल नियमों एवं निर्देशों से विकसित नहीं होती, बल्कि सहानुभूति, सतत संवाद एवं कार्यस्थल पर मानवीय सहभागिता से सुदृढ़ होती है।
उन्होंने कहा कि वास्तविक औद्योगिक परिवर्तन तभी संभव है, जब श्रमिकों को सम्मान के साथ कार्य करने का वातावरण प्रदान किया जाए तथा उनकी व्यावहारिक चुनौतियों को समझा जाए। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (आर ई डी) राकेश सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उत्कृष्टता, टीम भावना, सुरक्षा जागरूकता एवं सतत सुधार के प्रति सामूहिक संकल्प भी दिलाया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




