संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में गैस पॉइजनिंग रिसाव पर मॉक ड्रिल आयोजित…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (सीओसीसीडी) के बेंज़ोल रिकवरी प्लांट–01 में विगत दिनों में विषाक्त गैस रिसाव (गैस पॉइजनिंग) पर आधारित मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की तत्परता, समन्वय क्षमता एवं प्रतिक्रिया समय का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग, मुख्य चिकित्सा पोस्ट, ऊर्जा प्रबंधन विभाग, सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग, पर्यावरण विभाग, एनओएचएससी, सिविल डिफेंस, सीआईएसएफ तथा कार्मिक विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया।
यह अभ्यास मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) तुलाराम बेहरा के मार्गदर्शन में विभाग के विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया। अधिकारियों ने गतिविधियों के समन्वय के साथ-साथ कार्यबल को विषाक्त गैस रिसाव जैसी आपात स्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं एवं आपदा प्रतिक्रिया उपायों के प्रति जागरूक किया।
मॉक ड्रिल के उपरांत मुख्य महाप्रबंधक के कॉन्फ्रेंस हॉल में पोस्ट मॉक ड्रिल समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी सहभागी एजेंसियों ने भाग लिया। इस दौरान विभाग के फर्स्ट एडर्स द्वारा पोर्टेबल ब्रीदिंग अपरेटस के माध्यम से प्रभावित व्यक्ति तक त्वरित पहुंच बनाने एवं प्राथमिक सहायता प्रदान करने की विशेष सराहना की गई।
इस मॉक अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, अंतर-विभागीय समन्वय तथा किसी भी आकस्मिक घटना से सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से निपटने की तैयारियों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




