chhattisgarhछत्तीसगढ़दुर्ग

पुलगांव और उरला हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष एवं हॉल निर्माण का भूमिपूजन, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव हुए शामिल…

दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुलगांव एवं उरला स्थित शासकीय हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष, हॉल एवं शौचालय निर्माण कार्य हेतु आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पुलगांव हाईस्कूल में 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा, वहीं उरला हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्षों के साथ हॉल एवं शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण, पर्याप्त स्थान एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके। केबिनेट मंत्री श्री यादव ने कहा कि शिक्षा केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना भी सरकार की प्राथमिकता है।

विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को सुगम शिक्षण व्यवस्था मिलेगी तथा शिक्षकों को भी बेहतर ढंग से अध्यापन कार्य करने में सुविधा होगी। कार्यक्रम के दौरान इसी वर्ष घोषित परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है तथा विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ अध्ययन जारी रखना चाहिए।

उन्होंने बताया कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के अन्य शासकीय विद्यालयों में भी संधारण एवं मरम्मत कार्य कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष अशोक राठी, मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, महेन्द्र लोढ़ा, बंटी चौहान, सभापति श्याम शर्मा, पार्षद अश्वनी निषाद, शिव नायक, साजन जोसफ, श्रीमती हीरोंदी चंदानिया, भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु सिंह, डीईओ अरविन्द मिश्रा, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button