वैश्विक व्यापार में सक्रिय भागीदारी से पूरा होगा आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य – अजय भसीन

भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के महामंत्री अजय भसीन ने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में भाग लिया। बैठक में विभिन्न देशों के साथ व्यापार बढ़ाने और निर्यात को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में यह लक्ष्य रखा गया कि भारत का व्यापार 863 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचाया जाए। जिन देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है, उनमें विशेष ध्यान देने की बात कही गई। चालू वर्ष में निर्यात को 18% तक बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
श्री भसीन ने बताया कि बैठक में इस विषय पर चर्चा की गई किजिन वस्तुओं का आयात हो रहा है, उनका उत्पादन देश में ही किया जाए और इसके लिए निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाए। उद्यमियों के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। व्यापारियों और उद्योगपतियों तक विशेषज्ञता और नई संस्कृति को पहुँचाने की योजना बनाई गई है, ताकि जिन देशों में भारतीय उत्पादों की आवश्यकता है वहाँ उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों का निर्यात किया जा सके।
श्री भसीन ने बताया कि बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी है। व्यापारियों और उद्योगपतियों की सक्रिय भागीदारी से यह लक्ष्य शीघ्र ही हासिल किया जा सकेगा। इस बैठक में गारगी शंकर मिश्र, दिनकर बसोतिया, जेपी गुप्ता, अजीत सिंह,शंकर सचदेव, सुनील मिश्रा, राकेश मलहोत्रा, मनोहर कृष्णानी और चिन्ना राव भी उपस्थित रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




