
सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र की स्टील मेल्टिंग शॉप–3 की महाप्रबंधक सुश्री पुष्पा एम्ब्रोस ने मलेशिया के विन्धम क्लांग में आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट–2026 में संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विशिष्ठ पैनल चर्चा में भाग लेकर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। “ग्लोबल सिनर्जी: बिजनेस विदाउट बाउंड्रीज़” विषय पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वैश्विक उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि, नीति-निर्माता एवं विशेषज्ञों की सहभागिता रही।
अपने संबोधन में श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने विषय “वैश्विक उद्योगों को बढ़ावा देना: सहयोग और अवसर” पर वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में सीमापार सहयोग, नवाचार तथा एकीकृत व्यावसायिक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में सुदृढ़ एवं सतत औद्योगिक तंत्र के निर्माण के लिए समन्वित प्रयास, ज्ञान साझाकरण एवं नवाचार आधारित रणनीतियाँ अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर मलेशिया के गणमान्य मंत्रीगण एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान वैश्विक औद्योगिक सहयोग, वर्ष 2026 एवं उससे आगे के आर्थिक परिदृश्य, वैश्विक गतिशीलता तथा अंतरराष्ट्रीय शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चाएँ आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में कीनोट एवं पैनल सत्रों के अतिरिक्त व्यक्तिगत वक्तव्य सत्र तथा “द बिजनेस असेंट” पत्रिका का औपचारिक लोकार्पण भी किया गया। साथ ही, ग्लोबल बिजनेस अवॉर्ड्स समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया।
ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा इंडिया-ओसियन ट्रेड काउंसिल के सहयोग से आयोजित इस समिट ने वैश्विक व्यापार प्रवृत्तियों, नेतृत्व, नवाचार एवं सतत विकास पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्कृष्टता एवं नेतृत्व को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




