01 अप्रैल से 28 अप्रैल तक ऑपरेशन तलाश अभियान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता, विभिन्न राज्यों से 668 गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की दस्तयाबी…

संक्षिप्त विवरण :
दुर्ग पुलिस द्वारा दिनांक 01 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक “ऑपरेशन तलाश” अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की दस्तयाबी हेतु सुनियोजित रणनीति बनाकर कुल 40 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिसमें बड़े थानों में दो-दो टीम एवं छोटे थानों में एक-एक टीम को कार्य में लगाया गया।
अभियान अवधि में कुल 668 गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों को दस्तयाब किया गया, जिसमें 295 पुरुष, 321 महिला एवं 52 बच्चे (बालक 9, बालिका 43) शामिल हैं। सभी दस्तयाब व्यक्तियों को विधिवत उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों को छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों जैसे रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा सहित अन्य जिलों में भेजा गया। साथ ही अन्य राज्यों जैसे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात एवं राजस्थान में भी समन्वय स्थापित कर सर्च ऑपरेशन संचालित किया गया।
गुमशुदा बालिग लोगों को वीडियो कॉल के माध्यम से भी बरामद किया गया
पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, मुखबिर सूचना एवं अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की सफल दस्तयाबी सुनिश्चित की गई।
▪️ सराहनीय कार्य :’
उक्त अभियान में दुर्ग पुलिस के समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों एवं गठित विशेष टीमों के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा समन्वित एवं सतत प्रयास करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने बच्चों एवं परिजनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




