chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

भिलाई विधायक का BJP पर हमला: महिला आरक्षण पर ‘राजनीति’ का आरोप, कांग्रेस के रुख को बताया साफ…

भिलाई। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि “महिला आरक्षण के नाम पर अपनी राजनीति बचाने और सत्ता में बने रहने का कूट रचित प्रयास किया जा रहा है, जिसे देश की महिलाओं ने समझ लिया है। अब इसी प्रयास के तहत छत्तीसगढ़ की बहनों को भी गुमराह करने की कोशिश हो रही है।”

विधायक यादव ने कहा कि भाजपा यह प्रचारित कर रही है कि कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध कर रही है, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों में महिला आरक्षण लागू किया जाए और पूरे देश में वर्तमान व्यवस्था के तहत 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू हो।

उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को महिलाओं से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि वे महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।” यादव ने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और उसे गुमराह करने का प्रयास सफल नहीं होगा। विधायक ने भाजपा की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि “आरएसएस के इतिहास में महिलाओं को स्थान नहीं मिला, ऐसे में भाजपा का महिला आरक्षण पर रुख सवालों के घेरे में है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा आगामी चुनावों को देखते हुए परिसीमन के माध्यम से सीटों के बंटवारे और सीमांकन को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। यादव ने कहा कि “यह प्रयास उनके डर को दर्शाता है कि आने वाले समय में वे छत्तीसगढ़ और देश में सरकार नहीं बना पाएंगे।”

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण लागू करने की इच्छाशक्ति रखती है। “आने वाले समय में कांग्रेस सत्ता में आएगी और महिला आरक्षण को लागू करके दिखाएगी,” उन्होंने कहा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button