अन्‍यछत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

बीएसपी के प्लेट मिल कर्मियों की गृहणियों ने “आप भी जानिए” कार्यक्रम के अंतर्गत किया संयंत्र भ्रमण…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विभाग द्वारा 21 फरवरी 2026 को प्लेट मिल विभाग के 22 कर्मचारियों की पत्नियों के लिए “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल कर्मचारियों के परिवारों को उनके कार्यस्थल, संयंत्र की कार्यप्रणाली तथा संपूर्ण इस्पात निर्माण प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।

कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन और कर्मचारियों के परिवारों के मध्य संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि वे संयंत्र में किए जाने वाले कार्य की प्रकृति, जिम्मेदारियों और उसके राष्ट्रीय महत्व को निकट से समझ सकें। उद्घाटन सत्र एचआरडी केन्द्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (विद्युत) सी. पद्मनाभन ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) जे. एन. ठाकुर एवं उप महाप्रबंधक (मिल्स एवं एम एंड एस) प्रताप शेखर नायक भी उपस्थित रहे।

गणमान्य अतिथियों ने अपने संबोधन में प्लेट मिल विभाग की राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संयंत्र में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं कुशल उत्पादन सुनिश्चित करने में परिवारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि परिवार का मनोबल और सहयोग ही कर्मियों को समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (एचआर–मिल्स ज़ोन-3) सुश्री तनमयी मारेपल्ली द्वारा किया गया। संयंत्र भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने यूआरएम, ब्लास्ट फर्नेस, एसएमएस-3, सीओ एंड सीसीडी, रोज गार्डन तथा प्लेट मिल का अवलोकन किया। उन्होंने प्लेट मिल के शॉप फ्लोर का भी दौरा किया, जहाँ उनके पति कार्यरत हैं।

इस दौरान उन्होंने इस्पात निर्माण एवं रोलिंग प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को निकट से देखा और दैनिक कार्यप्रणाली की बारीकियों को समझा। इस अनुभव ने उन्हें संयंत्र की कार्यसंस्कृति, तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों की बेहतर समझ प्रदान की। भ्रमण के उपरांत एचआर प्रमुखों एवं प्लेट मिल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी प्रतिभागियों ने बीएसपी के बेस किचन में स्नेहिल दोपहर भोज में सहभागिता की, जिससे आत्मीय संवाद का वातावरण निर्मित हुआ।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल)  कार्तिकेय बेहरा एवं विभागाध्यक्षों के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। उन्होंने कार्यक्रम की उपयोगिता की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम के प्रति सभी प्रतिभागियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने पतियों के कार्य पर गर्व प्रकट किया तथा संयंत्र की निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button