knowledgelifestylesportsअन्‍यकैरियरछत्तीसगढ़दुर्ग

‘जो खेलेगा वो खिलेगा’: पीएम मोदी ने युवाओं को दिया खेल का मंत्र…

BIT कॉलेज दुर्ग में ‘खेलो इंडिया संवाद’ में वर्चुअल जुड़े प्रधानमंत्री, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तराशने पर जोर

दुर्ग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को BIT कॉलेज, दुर्ग में “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री मोदी के साथ” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और युवा एथलीटों को खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस संवाद से देशभर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थान जुड़े। IIT, IIM, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और प्रमुख विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। पहल के तहत जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने, बेहतर कोचिंग व प्रतियोगी अवसर उपलब्ध कराने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास और खेल प्रशासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी का संदेश—“जो खेलेगा वो खिलेगा”

युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके राज्य और शहर को पहचान दिलाती हैं। उन्होंने कहा—“जो खेलेगा वो खिलेगा।”

उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश में खेलों को लेकर लोगों की सोच में बदलाव आया है। उन्होंने बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए अनुशासन अपनाने और नशे से दूर रहने पर विशेष जोर दिया।

2036 ओलंपिक के लिए बचपन से प्रतिभा तलाशने की जरूरत

प्रधानमंत्री ने भारत की 2036 ओलंपिक की तैयारियों को लेकर कम उम्र में ही प्रतिभाओं की पहचान और उनके निरंतर प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने 5 से 15 वर्ष के बच्चों की प्रतिभा तलाशने के लिए टैलेंट हब कार्यक्रम को बढ़ावा देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भारत को हर खेल में पदक जीतने के लिए उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।

ललित चंद्राकर बोले—ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई दिशा मिली है और खेलो इंडिया जैसी पहल से गांवों के प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें।

खम्हरिया बनेगा ‘खेल गांव’, ₹46 करोड़ से बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

ललित चंद्राकर ने बताया कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया को ‘खेल गांव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ₹46 करोड़ की लागत से छत्तीसगढ़ का पहला खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दुर्ग ग्रामीण के युवा भविष्य में 2036 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

खेल से बनता है अनुशासन और स्वस्थ समाज

विधायक ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और देशभक्ति की भावना मजबूत करता है। सरकार और जनप्रतिनिधि मिलकर युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जिला पंचायत सभापति जितेन्द्र यादव, राष्ट्रीय खिलाड़ी वाई. विपुल, प्राचार्य डॉ. अनुप मिश्रा, डॉ. डी.एस. रघुवंशी, कार्यक्रम अधिकारी सवाना सिद्दीकी और आरती मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button