chhattisgarhछत्तीसगढ़दुर्ग

दुर्ग दौरे पर DGP अरुण देव गौतम: पुलिस अधोसंरचना को मिली नई सौगात, शहीद रजनीकांत को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :

दिनांक 12 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के दुर्ग प्रवास के दौरान महिला थाना, सेक्टर-6 परिसर में पुलिस अधोसंरचना विकास से संबंधित विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बैठक व्यवस्था, राजपत्रित अधिकारी मेस के सौंदर्यकरण, पुलिस कंट्रोल रूम के उन्नयन तथा परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण जैसे विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।

पुलिस महानिदेशक ने इस अवसर पर कहा कि बदलते समय के अनुरूप पुलिस अधोसंरचना का सुदृढ़ एवं आधुनिक होना अत्यंत आवश्यक है। बेहतर कार्यालयीन वातावरण, सुव्यवस्थित कार्यस्थल तथा आधुनिक सुविधाएं न केवल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मनोबल को बढ़ाती हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी अधिक प्रभावी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने पुलिस भवनों एवं कार्यालयों के व्यवस्थित रख-रखाव, स्वच्छता, तकनीकी उन्नयन तथा नागरिक अनुकूल वातावरण विकसित करने पर विशेष बल दिया। लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात पुलिस महानिदेशक थाना नेवई क्षेत्र अंतर्गत जोहार चौक, रिसाली पहुंचे, जहां वर्ष 2009 की मदनवाड़ा नक्सल घटना में वीरगति को प्राप्त शहीद रजनीकांत की 17वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में सम्मिलित हुए।

उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शहीद के अद्वितीय साहस, कर्तव्यपरायणता एवं राष्ट्र सेवा के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस संगठन अपने शहीद साथियों के त्याग, समर्पण और बलिदान को सदैव स्मरण रखता है। उनका जीवन प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा का प्रेरणास्रोत है। शहीदों की स्मृतियों का संरक्षण तथा उनके आदर्शों का अनुसरण करना पूरे पुलिस संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मदनवाड़ा हमले में शहीद जवान को दी गई श्रद्धांजलि, रिसाली में स्मारक स्थल पर पहुंचे डीजीपी

राजनांदगाव जिले के मदनवाड़ा में शहीद हुए रिसली भिलाई के जवान रजनीकांत सिंह की 17वीं पुण्यतिथि के मौके पर रविवार को श्रद्धांजलि सभा रखी गई। रिसाली स्थित शहीद रजनीकांत सिंह के स्मारक स्थल पर प्रेम संगवारी बहुद्धेशीय सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित कार्याक्रम में प्रदेश के डीजीपी अरुण देव गौतम की उपस्थिति में शहीद जवान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

इस मौके पर शहीद जवान की पत्नी पिंकी साहू व पूरा परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रेम संगवारी बहुद्धेशीय सेवा समिति के संयोजक विष्णु पाठक की उपस्थिति में डीजीपी अरुण देव गौतम ने शहादत दिवस को याद किया और शहीद जवान की पत्नी पिंकी साहू से मिलकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस परिवार द्वारा मदद का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में प्रेम संगवारी बहुद्धेशीय सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश पाण्डेय, महासचिव रंग बहादुद सिंह सहित समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य तथा क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शहीद रजनीकांत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया तथा राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर सहित जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button