IPL 2027: क्या फिर बदलेगी हार्दिक पंड्या की आईपीएल जर्सी? दो चैंपियन टीमों ने दिखाई दिलचस्पी

इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) के लिए ट्रेडिंग विंडो खुल गई है और पहला ट्रेड दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुआ। ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है। वहीं कुलदीप यादव अब दिल्ली से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं। अब खबर है कि स्टार प्लेयर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के साथ अपने रिश्ते खत्म कर सकते हैं। दो पूर्व आईपीएल चैंपियन टीमें कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स ने ऑलराउंडर को अपनी टीम में शामिल करने की इच्छा जताई है।
KKR और MI मैनेजमेंट के बीच हुई बातचीत
हार्दिक पंड्या के ट्रेड से जुड़े मामले की जानकारी रखने वाले आईपीएल के एक अंदरूनी सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई के हवाले से कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के टॉप मैनेजमेंट और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच कई बार बातचीत हुई है। पांड्या का मुंबई इंडियंस से दोबारा जुड़ना उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उनकी अगुआई में टीम सिर्फ एक बार प्लेऑफ में पहुंची है। सूत्र ने कहा कि अजिंक्य रहाणे कामचलाऊ कप्तान थे और इस सीजन के बाद उनका रिलीज होना तय है।
केकेआर के टॉप ऑफिशियल्स ने पिछले सीजन के आखिर में मुंबई इंडियंस के मालिकों से बात की थी, लेकिन रिलायंस की सालाना एजीएम पास होने के कारण आईपीएल ट्रेड को प्राथमिकता नहीं दी गई। हालांकि, पता चला है कि केकेआर ने फिर से मुंबई इंडियंस के टॉप लीडरशिप से बात की है और कुछ राउंड की बातचीत भी हुई है। लेकिन इसको लेकर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।
केकेआर में हार्दिक को मिल सकती है कप्तानी
यह तय है कि अगर पांड्या केकेआर से जुड़ते हैं तो कप्तानी उनके हाथ में होगी क्योंकि इस समय रिंकू सिंह केकेआर की कप्तानी के लिए सही विकल्प नहीं लग रहे हैं। हालांकि, सूत्र ने यह नहीं बताया गया कि पांड्या का ट्रेड केवल रुपयों में होगा या फिर किसी खिलाड़ी के बदले उनका ट्रेड होगा। आईपीएल ट्रांसफर नियमों में साफ कहा गया है कि कोई भी प्लेयर ट्रेड के बारे में किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से निजी तौर पर बातचीत नहीं कर सकता है। नियमों में कहा गया है कि ट्रेड एक फ्रेंचाइजी से दूसरी फ्रेंचाइजी के बीच हो सकती है, लेकिन खिलाड़ी की सहमति भी जरूरी है।
राजस्थान ने भी दिखाई हार्दिक को खरीदने में दिलचस्पी
हार्दिक के लिए राजस्थान ने भी दिलचस्पी दिखाई है। मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स से यशस्वी जायसवाल के बदले हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने का ऑफर मिला है, लेकिन पुख्ता तौर पर यह नहीं कह सकता कि इस ट्रेड के लिए बातचीत आगे बढ़ी है या नहीं। हालांकि रॉयल्स असम के स्टार रियान पराग को लंबे समय के लिए कप्तान के तौर पर देख रहा है। ऐसे में पांड्या को राजस्थान रॉयल्स में कप्तानी मिलना मुश्किल होगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




