छत्तीसगढ़भिलाई

बीएसपी की बार एवं रॉड मिल ने स्थापित किया नया एक दिवसीय उत्पादन कीर्तिमान

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) ने उत्पादन के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया एक दिवसीय उत्पादन कीर्तिमान स्थापित किया। बीआरएम की टीम ने 18 जून 2026 को 16 एमएम टीएमटी बार श्रेणी में 4057 टन (1972 बिलेट्स) उत्पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया।

इससे पूर्व यह कीर्तिमान 12 फरवरी 2026 को 4046 टन (1967 बिलेट्स) उत्पादन के साथ स्थापित किया गया था। इस उपलब्धि पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने बार एवं रॉड मिल का दौरा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में राकेश कुमार ने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करना संयंत्र की मूल प्रतिबद्धता है। उन्होंने 360 डिग्री ऑब्जर्वेशन, टूल बॉक्स टॉक तथा सेफ्टी टॉक जैसी सुरक्षा प्रक्रियाओं के महत्व पर बल देते हुए उनके शत-प्रतिशत अनुपालन का आह्वान किया।

साथ ही उन्होंने टीम को वार्षिक उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयास करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं विभागाध्यक्ष एवं मुख्य महाप्रबंधक योगेश शास्त्री ने इस उपलब्धि को बीआरएम की “सुरक्षा प्रथम” कार्य-संस्कृति तथा टीम भावना का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि यह सफलता संचालन से लेकर प्रबंधन तक पूरे कार्यबल के समर्पण, दक्षता एवं सतत प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने उत्पादन क्षमता वृद्धि, गुणवत्ता सुधार तथा परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए प्रबंधन, कर्मचारियों, यूनियन एवं सहयोगी विभागों के प्रति उनके निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (विद्युत) आशीष ने चुनौतीपूर्ण प्रोफाइलों में रोलिंग रेट में सुधार कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा विश्वास व्यक्त किया कि बीआरएम की टीम सामूहिक प्रयासों के बल पर चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करेगी।

उल्लेखनीय है कि बार एवं रॉड मिल में कुशल मानव संसाधन, तकनीकी दक्षता तथा प्रभावी परिचालन प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात उत्पादों का उत्पादन किया जा रहा है। संयंत्र द्वारा निर्मित उत्पाद देश की विभिन्न आधारभूत संरचना एवं विकास परियोजनाओं में उपयोग किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बीआरएम के महाप्रबंधक शाश्वत मोहंती, महाप्रबंधक शिखर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बार एवं रॉड मिल की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button