सुशासन तिहार में यातायात जागरूकता अभियान, नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं कार्यक्रम स्थलों में पहुंचकर लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
दिनांक 14.05.2026 को ग्राम मर्रा पाटन में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे द्वारा उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में नागरिकों को समझाईस दी गई कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना आवश्यक है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा शराब सेवन कर वाहन संचालन नहीं करने हेतु सभी को प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा उपस्थित युवाओं एवं वाहन चालकों को सड़क संकेतों, ट्रैफिक सिग्नलों एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने एवं अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
सराहनीय भूमिका :
उक्त जागरूकता कार्यक्रम में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं, अपने परिवार एवं अन्य लोगों के जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं। दुर्ग पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जाते रहेंगे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




