
भिलाई | दुर्ग पुलिस ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी चोट करते हुए अंतरराज्यीय अफीम तस्करी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से अफीम मंगवाकर भिलाई क्षेत्र में इसकी अवैध बिक्री करता था और स्वयं भी नशे का सेवन करता था।
ग्राहकों की तलाश में घूमते पकड़ा गया आरोपी
दिनांक 15 जनवरी 2026 को दुर्ग पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक, सेक्टर-06 भिलाई के पास मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा।
205 ग्राम अफीम सहित नकदी और वाहन जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलवीर सिंह (65 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई नगर बताया।
आरोपी और उसकी मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर डिग्गी से 205 ग्राम अफीम (कीमत लगभग ₹40,000), बिक्री की नकदी ₹500, एक मोबाइल फोन (₹15,000) और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (₹25,000) बरामद की गई।
इस तरह कुल ₹80,500 की संपत्ति जब्त की गई।
ट्रक चालकों को करता था अफीम की आपूर्ति
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में शामिल था और मुख्य रूप से ट्रक चालकों को अफीम की आपूर्ति करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी इस अवैध कारोबार में अकेला नहीं था।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत जेल भेजा गया आरोपी
आरोपी के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नेटवर्क और सप्लायर की तलाश जारी
दुर्ग पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों, सप्लायर और पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान के लिए सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी: दुर्ग पुलिस
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त, सतत और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




