
पुरानी रंजिश के चलते वारदात, अपचारी बालक भी पुलिस की हिरासत में
दुर्ग। थाना सुपेला क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर जान से मारने की धमकी और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे का चापड़ और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
रात के समय घर में घुसकर की मारपीट
प्रार्थिया द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 08 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे दो युवक गाली-गलौच करते हुए घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने जोर-जोर से दरवाजा पीटा और दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए प्रार्थिया के बेटे सागर को जान से मारने की धमकी दी।
चापड़ लहराकर दी धमकी, युवक को आई चोट
आरोपियों ने हाथ में लोहे का चापड़ लहराते हुए सागर का पीछा किया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तभी आरोपी मोटरसाइकिल (CG 07 CJ 1478) से मौके से फरार हो गए।
जांच में मिले पुख्ता सबूत, आरोपी हिरासत में
पुलिस जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर जय कुमार रेड्डी और एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(2), 331(6), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर
पुलिस के अनुसार, जय कुमार रेड्डी पहले भी कई संगीन मामलों में आरोपी रह चुका है।
-
थाना पुरानी भिलाई में बलवा एवं दोहरे हत्या प्रयास से जुड़ा मामला (अपराध क्रमांक 15/2023)
-
थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 166/2025 दर्ज
इन मामलों से आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, सउनि पुरन साहु, गंगाराम यादव, आर. अजीत यादव एवं दुर्गेश सिंह राजपूत की अहम भूमिका रही, जिनके प्रयासों से आरोपी जल्द गिरफ्त में आ सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




