रीवा में सांसद खेल महोत्सव पर बवाल: इनाम नहीं मिलने से नाराज खिलाड़ियों ने रोकी सांसद के बेटे की कार

रीवा। सांसद खेल महोत्सव की घोषित इनाम राशि न मिलने पर रीवा में खिलाड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज खिलाड़ियों ने सांसद के बेटे की कार को सड़क पर रोक लिया और साफ कह दिया कि जब तक विजेताओं को पूरी इनाम राशि नहीं दी जाएगी, तब तक गाड़ी आगे नहीं जाने दी जाएगी।
इनाम का वादा, सिर्फ मेडल थमाया
खिलाड़ी शुभम, दिव्यांश मिश्रा और मोहिता ने आरोप लगाया कि प्रतियोगिता से पहले विजेताओं के लिए 11 हजार और 21 हजार रुपए की इनाम राशि घोषित की गई थी, लेकिन जीतने के बाद उन्हें सिर्फ मेडल देकर लौटा दिया गया।
खिलाड़ियों का कहना है कि इससे वे बेहद आहत हैं क्योंकि मंच से साफ तौर पर इनाम राशि देने की घोषणा की गई थी।
आवाज उठाने पर धमकी का आरोप
नाराज खिलाड़ियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध न करने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
कुछ खिलाड़ियों का दावा है कि आवाज उठाने पर करियर खराब करने की धमकी तक दी गई।
हालांकि खिलाड़ी अपनी मांगों पर डटे रहे और सांसद पुत्र से दो टूक कह दिया —
“कितना भी हार्न बजाओ, जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, हम नहीं हटेंगे।”
सड़क पर चला लंबा ड्रामा
सांसद पुत्र और खिलाड़ियों के बीच सड़क पर काफी देर तक तनातनी का माहौल बना रहा। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
NSUI का समर्थन
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा—
“खिलाड़ियों से पहले बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जब विजेता राशि देने का समय आया तो उन्हें खाली हाथ लौटा दिया गया। यह खिलाड़ियों के साथ खुला अन्याय है।”
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




